जगदीप धनखड़ ने उपराष्ट्रपति पद से दिया इस्तीफा, स्वास्थ्य कारणों का दिया हवाला
नई दिल्ली। भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने यह निर्णय स्वास्थ्य कारणों और चिकित्सकीय सलाह को प्राथमिकता देते हुए लिया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को भेजे गए एक औपचारिक पत्र में उन्होंने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 67(a) के तहत इस्तीफे की पेशकश की और कहा कि यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
धनखड़ ने अपने पत्र में लिखा,
"स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों और डॉक्टरों की सलाह को देखते हुए, मैं भारत के उपराष्ट्रपति पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे रहा हूं।"
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को जताया आभार
धनखड़ ने अपने पत्र में राष्ट्रपति मुर्मु के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मंत्रिपरिषद का भी सहयोग और मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि बीते समय में उन्हें राष्ट्रहित में काम करने का अवसर मिला, जिसके लिए वे सभी के आभारी हैं।
2027 तक था कार्यकाल
उल्लेखनीय है कि जगदीप धनखड़ का कार्यकाल वर्ष 2027 तक था, लेकिन उन्होंने 2025 में ही स्वास्थ्य कारणों से पद छोड़ दिया है। इससे पहले वे पश्चिम बंगाल के राज्यपाल भी रह चुके हैं और कानून क्षेत्र में गहरी पकड़ रखने वाले एक अनुभवी नेता के रूप में पहचाने जाते हैं
