Kitchen Tips: हमारे घरों की रसोई में आए दिन पराठे बनाए जाते हैं। सुबह के नाश्ते से लेकर लंच या डिनर में भी सभी पराठा खाना पसंद करते हैं। वहीं लोगों को स्टफ पराठा काफी पसंद होता है। स्टफ पराठा में कई तरह के पराठे शामिल हैं, जैसे आलू के पराठे, पनीर, प्याज, दाल, मूली, पालक या बथुआ के पराठे आदि। पराठे में सब्जी, दाल या पनीर को भरकर उसे पकाया जाता है। खाने में ये लजीज होते हैं, लेकिन इन्हें बनाने में अक्सर परेशानी होती है। आटे की लोई में स्टफ मैटर भरकर बेलते समय पराठा अक्सर फट जाया करता है। अगर आप स्टफ पराठा बनाना चाहते हैं, तो कुछ आसान तरीकों को अपनाकर इसे बना सकते हैं।
स्टफ पराठा बनाने के लिए टिप्स
स्टफ पराठा बनाने के लिए जब आटा गूंथे तो उसे थोड़ा टाइट गूंथे। टाइट आटे से स्टफ पराठा अच्छा और मुलायम बनता है।
पराठा बनाने के लिए लोई में जब स्टफिंग भरनी हो तो उसे फैलाते समय किनारों और बीच को मोटा रखें। इससे बेलते समय मसाला फट कर बाहर नहीं आता
स्टफिंग करते समय पराठे में मसाला हल्के हाथों से दबाते हुए भरें।
जब भरावन वाली लोई को बेलें तो लोई के दोनों तरफ मैदे का उपयोग करें। इससे पराठा बेलने में आसानी होगी।
स्टफ पराठा बनाते समय आटे में नमक मिलाकर गूंथे और स्टफिंग में कम नमक का उपयोग करें। नमक पानी छोड़ता है और स्टफिंग में नमक ज्यादा होने से लोई गीली हो जाएगी और बेलने में फटेगी।
अक्सर लोग पराठे में ज्यादा स्टफिंग पसंद होने के कारण लोई में ज्यादा मसाला भरकर बेलते हैं, जिससे पराठा फट जाता है। अगर ज्यादा स्टफिंग करें तो इसे हाथों की मदद से फैलाएं।
हाथों से पराठे का आटा फैलाने के बाद थोड़ा मैदा लगाकर बेलन से एक बार बेल लें। ऐसा करने से पराठा फटेगा नहीं।
स्टफ पराठे को बेलते समय ज्यादा बेलन का उपयोग नहीं करना चाहिए।