बड़ा डिस्काउंट:ईयर एंड पर स्टॉक खत्म करने की मशक्कत, दो पहिया वाहनों की खरीदी में 20 हजार तक की छूट

Auto News: साल के आखिरी दिनों में दो पहिया वाहनों की खरीदी में डीलर्स बंपर छूट दे रहे हैं। पुराने स्टॉक को खत्म करने के लिए दोपहिया वाहनों में तरह-तरह की छूट स्कीमें चल रही हैं। ऑटो विक्रेताओं के अनुसार नगद छूट के अलावा एसेसरीज, इंश्योरेंस, एक्सचेंज बोनस जैसे ऑफर दिए जा रहे हैं। यह पिछले दो सालों में सबसे ज्यादा डिस्काउंट है। कुछ ऑटो कंपनियों ने तो 20 हजार रुपए तक की छूट की पेशकश की है।
एक्सपर्ट व्यू
ऑटो एक्सपर्ट के अनुसार दशहरा - दिवाली के बाद ऑटोमोबाइल कारोबार में थोड़ा ब्रेक आ जाता है। त्योहारी सीजन में वाहन कंपनियां कई मॉडल भी उतारती हैं। लेकिन यह त्योहार बाद बच जाते हैं। इसलिए उन्हें ईयर-एंड पर डिस्काउंट देकर स्टॉक खत्म किया जाता है। यही वजह है कि दिसंबर माह के आखिरी दिनों में सभी कंपनियों के दो पहिया वाहनों में बड़े ऑफर्स चल रहे हैं।
क्या कहते हैं डीलर
भोपाल के ऑटो डीलर विशाल जौहरी और तरुण के अनुसार यह ऑफर्स ईवी से लेकर अन्य दोपहिया वाहनों तक में है। 2500 रुपए की छूट से लेकर 50 हजार तक की छूट दी जा रही है। ऑटो डीलर भरत मतलानी के अनुसार कुछ कंपनियां 7000 रुपए तक की कीमत की जैकेट भी छूट के साथ ऑफर कर रही हैं।
दिवाली पर जमकर बिके वाहन
दोपहिया बाजार में नवंबर 2023 में माह-दर-माह 49 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी देखी गई है। अक्टूबर 2023 के महीने में 15.08 लाख मोटरसाइकिल और स्कूटर की तुलना में 22.47 लाख यूनिट्स से ज्यादा की बिक्री हुई है। यह बढ़ती अर्थव्यवस्था के कारण ग्रामीण बाजारों में मजबूत खरीदार भावना को दर्शाता है।साल के आखिरी दिनों में ऑटोमोबाइल डीलर चाहते हैं कि स्टॉक कम से कम रहे, इसलिए वे कई तरह के ऑफर दे रहे हैं। ग्राहकों के लिए यह अच्छा मौका है। अगले साल कंपनियां वाहनों की कीमतें बढ़ा सकती है। कई कंपनियों ने इसकी घोषणा भी कर दी है। इसलिए अभी वाहन खरीदना फायदेमंद है।