नेपाल हिंसा में भी चर्चित हो रहे अरबपति बिनोद चौधरी, भारत से क्या है उनका रिश्ता?
नई दिल्ली। नेपाल में जारी हिंसा और राजनीतिक संकट के बीच पड़ोसी देश के सबसे अमीर उद्योगपति बिनोद चौधरी अचानक चर्चा में आ गए हैं। सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर लोग उनके बारे में जमकर सर्च कर रहे हैं।
चौधरी, जो लोकप्रिय वाई-वाई नूडल्स ब्रांड के निर्माता हैं, नेपाल के इकलौते अरबपति हैं।
फोर्ब्स की द रिचेस्ट पीपल इन द वर्ल्ड लिस्ट में शामिल बिनोद चौधरी की संपत्ति करीब 2 अरब डॉलर (15,000 करोड़ रुपये से ज्यादा) है। वे 2013 में पहली बार इस लिस्ट में शामिल हुए थे। फिलहाल वे चौधरी ग्रुप (CG) के चेयरमैन हैं।
भारतीय जड़ों से नेपाली शिखर तक
चौधरी परिवार मूल रूप से राजस्थान के फतेहपुर (शेखावाटी) से है। उनके दादाजी कई दशक पहले नेपाल जाकर बस गए थे। शुरूआत कपड़ों के कारोबार से हुई थी, जिसे बाद में कंस्ट्रक्शन और अन्य क्षेत्रों तक फैलाया गया।
‘वाई-वाई नूडल्स’ की कहानी
बिनोद चौधरी को थाईलैंड की यात्रा से बड़ा व्यावसायिक आइडिया मिला। वहां इंस्टैंट नूडल्स की लोकप्रियता देखकर उन्होंने नेपाल में ‘वाई-वाई’ नूडल्स लॉन्च किए। भारत जैसे बड़े बाजार में मैगी जैसी स्थापित ब्रांड से मुकाबला आसान नहीं था, लेकिन वाई-वाई ने अपने अलग स्वाद और किस्मों की वजह से बड़ी जगह बना ली। आज यह ब्रांड भारत, नेपाल और एशिया के अन्य हिस्सों में घर-घर तक पहुंच चुका है।
सिर्फ व्यापारी नहीं, समाजसेवी भी
बिनोद चौधरी ने अपने कारोबारी साम्राज्य को खड़ा करने के साथ-साथ समाजसेवा पर भी जोर दिया। वे आपदाओं और सामाजिक मुद्दों पर लगातार काम करते रहे हैं। इसीलिए वे सिर्फ उद्योगपति नहीं बल्कि समाजसेवी के रूप में भी पहचाने जाते हैं।