GST कटौती की तैयारी में केंद्र सरकार: मध्यम और निम्न आय वर्ग को मिल सकती है बड़ी राहत

नई दिल्ली: सरकार की तरफ से मध्यम और निम्न आय वर्ग के लोगों के लिए एक और बड़ी राहत की तैयारी चल रही है। सूत्रों के अनुसार, केंद्र सरकार वस्तु एवं सेवा कर (GST) की दरों में व्यापक कटौती करने पर विचार कर रही है। खासतौर पर 12% के टैक्स स्लैब को पूरी तरह खत्म करके कई आवश्यक वस्तुओं को 5% GST स्लैब में लाया जा सकता है।
किन वस्तुओं पर घटेगा टैक्स?
इस बदलाव के तहत वो वस्तुएं शामिल की जाएंगी, जिनका उपयोग देश का एक बड़ा तबका रोजमर्रा की जिंदगी में करता है। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
-
टूथपेस्ट और टूथ पाउडर
-
छाते, सिलाई मशीन
-
प्रेशर कुकर, किचन के बर्तन
-
इलेक्ट्रिक इस्त्री, गीजर
-
कम क्षमता वाली वॉशिंग मशीन
-
साइकिल
-
रेडीमेड कपड़े (1000 रुपये से अधिक कीमत वाले)
-
500 से 1000 रुपये तक के जूते
-
स्टेशनरी आइटम
-
टीके, सिरेमिक टाइलें
-
कृषि उपकरण
यह कदम गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए राहत लेकर आएगा, जो महंगाई के बीच घरेलू खर्चों को लेकर परेशान हैं।
GST का अब तक का सफर
-
GST लागू: 1 जुलाई 2017 को
-
एकीकरण: 17 प्रकार के कर और 13 उपकर हुए समाप्त
-
पहले साल (9 माह): कुल संग्रह ₹7.40 लाख करोड़
-
वर्ष 2024-25 में: कुल GST संग्रह ₹22.08 लाख करोड़
-
वृद्धि दर: 9.4% सालाना
-
GST राजस्व में तीन गुना वृद्धि: ₹7 लाख करोड़ से ₹22 लाख करोड़ तक
सरकार की मंशा क्या है?
सरकार की योजना है कि कर व्यवस्था को और सरल बनाया जाए और गरीबों पर कर का बोझ कम हो। GST दरों में यह प्रस्तावित बदलाव उसी दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। नीति आयोग और वित्त मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच जल्द ही इस पर अंतिम निर्णय लिए जाने की संभावना है।