मई 2025 में रिकॉर्ड GST कलेक्शन, पिछले साल के मुकाबले 20.4% की बढ़त

नई दिल्ली | सरकार ने मई 2025 के लिए जीएसटी कलेक्शन के आंकड़े जारी कर दिए हैं, जो अब तक के सबसे मजबूत महीनों में से एक साबित हुआ है। मई 2025 में शुद्ध जीएसटी कलेक्शन ₹1.73 लाख करोड़ रहा है, जो मई 2024 के ₹1.44 लाख करोड़ की तुलना में 20.4% अधिक है।
सरकारी रिपोर्ट के मुताबिक, मई 2025 में ग्रॉस जीएसटी कलेक्शन ₹2.01 लाख करोड़ तक पहुंच गया, जो सालाना आधार पर 16.4% की वृद्धि को दर्शाता है। पिछले वर्ष मई 2024 में यह आंकड़ा ₹1.72 लाख करोड़ था।
रिफंड के बाद भी मजबूत रहा कलेक्शन
हालांकि मई 2025 में जीएसटी रिफंड ₹27,210 करोड़ रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 4% कम है, फिर भी नेट कलेक्शन में बड़ी बढ़त देखी गई। इस मजबूत प्रदर्शन के बावजूद अप्रैल 2025 के मुकाबले मई में कुछ गिरावट दर्ज की गई।
अप्रैल के मुकाबले गिरावट
अप्रैल 2025 में सरकार को रिकॉर्ड ₹2.37 लाख करोड़ की जीएसटी आमदनी हुई थी। इसमें 12.6% की सालाना वृद्धि हुई थी। उसमें ₹51,266 करोड़ आय इंपोर्ट ड्यूटी से और ₹1.49 लाख करोड़ घरेलू स्रोतों से आया था।
पूरे वित्त वर्ष के लिए सरकार का लक्ष्य
सरकार ने FY 2025-26 के बजट में जीएसटी कलेक्शन का टारगेट ₹11.78 लाख करोड़ तय किया है। इसमें सेंट्रल जीएसटी और क्षतिपूर्ति सेस भी शामिल हैं। मई का मजबूत प्रदर्शन इस लक्ष्य की ओर एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।