Tomato Price Today: पेट्रोल से भी महंगा हुआ टमाटर! जानें क्यों बढ़ रही है कीमते और कब तक कम होंगे दाम, सरकार ने दिया ये जवाब
Tomato Price Today : देश में टमाटर के कीमतों में अचानक बढ़ोतरी देखने को मिली है. इस कारण आम आदमी के लिए घरों में सब्जी बनाने के लिए उपयोग होने वाला टमाटर खरीदना पहले के मुकाबले काफी महंगा हो गया है. कई शहरों में टमाटर की कीमत 160 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है, जिसके कारण लोगों के घर का बजट बिगड़ गया है. बता दें कि टमाटर की कीमतों में इससे पहले इतनी तेजी 2018 में देखी गई थी तब भी टमाटर 100 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा था.
गौरतलब हो कि एक महीने में टमाटर की कीमतों में 20 गुना बढ़ोतरी हुई है. कई राज्यों में बारिश और गर्मी के कारण टमाटर की फसल को नुकसान पहुंचा है. बता दें कि देशभर में खासकर दिल्ली एनसीआर में इन दिनों प्रतिदिन बारिश हो रही है.इसके साथ देश की बड़ी टमाटर मंडियों जैसे बेंगलुरु और नासिक से टमाटर दिल्ली नहीं आ पाया है, जिसके कारण दिल्ली एनसीआर के साथ-साथ देश में टमाटर की कीमतों में इजाफा देखने को मिल रहा है. सवाल ये है कि टमाटर की कीमत आखिर कब तक कम होंगी? सरकार ने इस सवाल का जवाब दिया है.
कीमत के बढ़ने पर सरकार ने दिया ये जवाब
उपभोक्ता मामलों के विभाग के सचिव रोहित कुमार सिंह ने NDTV से खास बातचीत में कहा कि टमाटर की कीमतों में तीव्र वृद्धि मौसम-जनित परिस्थिति के कारण हुई है और अगले 10-15 दिनों में टमाटर के दाम कम हो जाएंगे. उन्होंने कहा, "हर साल इस समय टमाटर की कीमतों में बढ़ोतरी होती है. यह उन बुरे समय में से एक है. टमाटर बहुत जल्द खराब होने वाला खाद्य उत्पाद है और अचानक बारिश होने से इसकी ढुलाई पर असर पड़ता है.''
रोहित कुमार सिंह ने आगे बोलते हुए कहा कि," मैं लोगों को आश्वसत करना चाहता हूं कि अगले कुछ दिनों में टमाटर की कीमतें कम होने वाली है.दिल्ली में सोलन और हिमाचल प्रदेश के अन्य केंद्रों से ताजा आपूर्ती की उम्मीद है इससे कीमतों को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी. मुझे लगता है कि 10 से 15 दिनों के भीतर टमाटर की कीमतें कम होनी शुरू हो जाएंगी.
ग्रैंड टोमेटो चैलेंज आयोजित करेगी सरकार
रोहित कुमार सिंह ने कहा, "सरकार ने ग्रैंड टोमेटो चैलेंज आयोजित करने का फैसला किया है. इससे लोगों से फलों के बेहतर संरक्षण के लिए विचारों पर विचार-मंथन करने की अपील की जाएगी". उन्होंने कहा, "टमाटर एक अत्यधिक खराब होने वाली वस्तु है. हम इस बारे में विचार प्राप्त करना चाहते हैं कि नई टेक्नोलॉजी टमाटर के स्टोरेज को बेहतर बनाने में कैसे मदद कर सकती हैं ताकि इसके खराब होने की समस्या पर ध्यान दिया जा सके".
देशभर में ये है टमाटर के दाम (Tomato Price Today)
देश के लगभग सभी शहरों में टमाटर की कीमतों में इजाफा हो गया है. उपभोक्ता मामले विभाग के आंकड़ों से पता चलता है कि टमाटर दिल्ली में 100 से 140 रुपये किलो, जबकि दिल्ली से सटे नोएडा में 160 रुपये प्रतिकिलो तक, गाजियाबाद में 150 रुपये प्रतिकिलो तक और कानपुर में 100 रुपये प्रतिकिलो तक मिल रहे हैं. भोपाल में टमाटर 100 रुपए किलो बिक रहा है. जबकि राजस्थान में टमाटर 90 से 110 रुपये प्रति किलो में बिक रहा है.
दिल्ली में कुछ दिनों पहले तक उन्होंने बाजार से 40 से 50 रुपये किलो तक टमाटर खरीदे थे, लेकिन अब टमाटर की कीमत 140 रुपये प्रतिकिलो तक पहुंच गई है।नोएडा के रहने वाले अतुल ने बताया कि पास की मंडी में टमाटर 160 रुपये प्रतिकिलो मिल रहा है, जबकि कुछ दिनों पहले ये 50 रुपये प्रतिकिलो तक मिल रहे थे।