IIT कानपुर शुरू करेगा मेडिकल-टेक्नोलॉजी कोर्स और 500 बेड का अस्पताल
कानपुर : हाल ही में जारी हुई IIT JEE Advanced Report 2025 ने IIT कानपुर प्रशासन को चौंका दिया है। रिपोर्ट के अनुसार, काउंसिलिंग पूरी होने के बाद टॉप-100 रैंकर्स ने IIT कानपुर की बजाय IIT दिल्ली और IIT मुंबई को प्राथमिकता दी।
इस जानकारी के सामने आने पर IIT कानपुर के निदेशक प्रो. मणींद्र अग्रवाल ने वरिष्ठ प्रोफेसरों और प्रशासनिक अधिकारियों संग बैठक की और आगामी सत्र में बड़े बदलाव लाने की योजना बनाई। उन्होंने कहा कि छात्रों की सुविधाओं को बेहतर करने और रिसर्च के नए अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
नई योजनाएं और बदलाव
प्रौद्योगिकी और चिकित्सा की पढ़ाई साथ-साथ
प्रो. अग्रवाल ने बताया कि अगले सत्र से IIT कानपुर देश की उन चुनिंदा IITs में होगा, जहां प्रौद्योगिकी के साथ चिकित्सा (Medical Technology) से जुड़े पाठ्यक्रम और शोध कार्य शुरू होंगे। इसके तहत 500 बेड का सुपर स्पेशलिटी अस्पताल भी संचालित किया जाएगा। यह कदम टॉप रैंकर्स को आकर्षित करने में अहम भूमिका निभा सकता है।
काउंसिलिंग और हॉस्टल सुविधाओं का विस्तार
संस्थान में काउंसिलिंग सेल की संख्या बढ़ाने की योजना है ताकि छात्रों को मानसिक और शैक्षणिक स्तर पर बेहतर सहयोग मिल सके। इसके अलावा, छात्रावासों की संख्या बढ़ाने और उनकी सुविधाओं को आधुनिक बनाने पर भी काम किया जाएगा।
कैंपस प्लेसमेंट और इंडस्ट्री से जुड़ाव
IIT कानपुर अब नामचीन कंपनियों से करार करने जा रहा है ताकि छात्रों को बेहतर प्लेसमेंट अवसर मिल सकें। निदेशक ने कहा कि IIT कानपुर के छात्र पढ़ाई पूरी करने के बाद उत्तर प्रदेश में ही इंडस्ट्री सेक्टर में रोजगार प्राप्त कर सकेंगे।