8वें वेतन आयोग में देरी के विरोध में पेंशनभोगी 14 अगस्त को क्रांति दिवस मनाएंगे
कानपुर — पेंशन फोरम ने घोषणा की है कि केंद्रीय और राज्य सरकार के पेंशनर्स 14 अगस्त को ‘क्रांति दिवस’ के रूप में मनाएंगे। यह निर्णय पेंशनर्स की मांगों, विशेषकर आठवें वेतनमान आयोग के गठन में देरी को लेकर विरोध स्वरूप लिया गया है।
पेंशन फोरम की कार्यकारिणी बैठक की अध्यक्षता कार्यवाहक अध्यक्ष राजेश कुमार शुक्ला ने की, जबकि महासचिव आनंद अवस्थी ने बैठक को संबोधित किया। अवस्थी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा अब तक आठवें वेतन आयोग की घोषणा नहीं की गई है, जबकि जनवरी 2026 में इसका लागू होना आवश्यक है। बढ़ती महंगाई के कारण पेंशन का वास्तविक मूल्य घट रहा है और महंगाई भत्ते में की जाने वाली वृद्धि जरूरतों के मुताबिक पर्याप्त नहीं है। साथ ही पेंशनर्स को मिलने वाली चिकित्सा सुविधाओं की कमी भी गंभीर चिंता का विषय है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 14 अगस्त को पेंशनर्स त्रिपुला धर्मशाला, गोविंद नगर में एकत्र होकर आजादी के संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि देंगे और आगामी आंदोलन की रणनीति पर विचार करेंगे।
बैठक में प्रमुख रूप से राजेश कुमार शुक्ला, आनंद अवस्थी, पी.एल. गुलाटी, सत्य नारायण, सुभाष भारती, बी.पी. श्रीवास्तव, वी.पी. विक्रम, अशोक कुमार तिवारी, सुरेश पांडेय सहित कई वरिष्ठ सदस्य मौजूद रहे।