गुजरात और पंजाब में जीत के बाद फिर चमका केजरीवाल का सितारा, AAP को मिली संजीवनी

 
गुजरात और पंजाब में जीत के बाद फिर चमका केजरीवाल का सितारा, AAP को मिली संजीवनी

नई दिल्ली: दिल्ली में मिली करारी हार के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) को कमजोर समझा जा रहा था, लेकिन पार्टी ने पंजाब और गुजरात में उपचुनाव में शानदार प्रदर्शन कर सभी को चौंका दिया है। इस दोहरी जीत ने न सिर्फ पार्टी के भीतर नई जान फूंकी है, बल्कि कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों की चिंताएं भी बढ़ा दी हैं।

पंजाब में संजीव अरोड़ा की बड़ी जीत

पंजाब की लुधियाना वेस्ट विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में AAP के संजीव अरोड़ा ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भारत भूषण आशु को 10,637 वोटों से हराया। यह जीत दर्शाती है कि राज्य में आम आदमी पार्टी की सरकार पर जनता का भरोसा बना हुआ है।

गुजरात में विसावदर सीट से गोपाल इटालिया की वापसी

गुजरात की विसावदर विधानसभा सीट पर पार्टी के नेता गोपाल इटालिया ने बीजेपी के किरीट पटेल को 17,554 वोटों से हराकर जीत दर्ज की। यह जीत गुजरात जैसे बीजेपी के गढ़ में AAP के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। हालांकि कडी सीट पर बीजेपी ने जीत कायम रखी।

WhatsApp Group Join Now

केजरीवाल का कांग्रेस और बीजेपी पर हमला

जीत के बाद अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि "दोनों जगह कांग्रेस और बीजेपी ने मिलकर AAP को हराने की कोशिश की, लेकिन जनता ने उन्हें नकार दिया।" उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता सरकार के कार्यों से संतुष्ट है और गुजरात की जनता अब बीजेपी से बदलाव चाहती है।

क्या केजरीवाल जाएंगे राज्यसभा?

पंजाब और गुजरात में जीत के बाद यह अटकलें भी तेज हो गई हैं कि अरविंद केजरीवाल को राज्यसभा भेजा जा सकता है। पार्टी के भीतर इस पर चर्चा जोरों पर है और AAP इसे एक बड़े राजनीतिक मूव के तौर पर देख रही है।

Tags

Share this story