Air India Flights Cancelled: एअर इंडिया ने खराब मौसम और तकनीकी कारणों से रद्द की कई उड़ानें

 
Air India Flights Cancelled: एअर इंडिया ने खराब मौसम और तकनीकी कारणों से रद्द की कई उड़ानें

नई दिल्ली – एअर इंडिया ने शुक्रवार को जानकारी दी कि तकनीकी निरीक्षणों की संख्या में इजाफा, प्रतिकूल मौसम स्थितियां और हवाई मार्ग में प्रतिबंधों के कारण उसने कई अंतरराष्ट्रीय और घरेलू उड़ानों को रद्द कर दिया है। इनमें दुबई, मेलबर्न, दिल्ली, पुणे, चेन्नई, मुंबई, हैदराबाद और अहमदाबाद जैसे शहरों को जोड़ने वाली उड़ानें शामिल हैं।

एयरलाइन द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, प्रभावित उड़ानों में दुबई से चेन्नई जाने वाली AI906, दिल्ली से मेलबर्न की AI308, मेलबर्न से दिल्ली की AI309, दुबई से हैदराबाद की AI2204, पुणे से दिल्ली की AI874, अहमदाबाद से दिल्ली की AI456, हैदराबाद से मुंबई की AI2872 और चेन्नई से मुंबई की AI571 शामिल हैं।

WhatsApp Group Join Now

यात्रियों को मिलेगा फुल रिफंड या मुफ्त रीशेड्यूलिंग

एअर इंडिया ने सभी प्रभावित यात्रियों से असुविधा के लिए खेद जताया है और यह स्पष्ट किया है कि वे या तो अपनी यात्रा की तारीख को बिना अतिरिक्त शुल्क के फिर से तय कर सकते हैं या उन्हें पूरा किराया लौटाया जाएगा।

इसके साथ ही एयरलाइन ने यह भी कहा है कि कुछ अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर 21 जून से 15 जुलाई 2025 तक सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित किया जाएगा। कंपनी का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा और परिचालन की गुणवत्ता को सुनिश्चित करने के लिए यह फैसला लिया गया है।

Tags

Share this story