अखिलेश यादव ने मनाया इकरा हसन का जन्मदिन, दिया 100 रुपए का शगुन
समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सपा सांसद इकरा हसन का जन्मदिन धूमधाम से मनाया। इस मौके पर अखिलेश यादव, डिंपल यादव, जया बच्चन, प्रिया सरोज और पार्टी के अन्य सांसदों ने उनके साथ केक काटकर शुभकामनाएं दीं।
ताज होटल में हुआ जश्न
जानकारी के अनुसार, ताज में बैठक और लंच के बाद जब नेताओं को पता चला कि इकरा हसन का जन्मदिन है, तो सांसद प्रिया सरोज ने सरप्राइज के तौर पर केक ऑर्डर किया। अचानक जब केक टेबल पर लाया गया, तो इकरा हसन हैरान रह गईं। इसके बाद सभी सांसदों ने उन्हें बधाई दी और मिलकर केक काटा।
अखिलेश ने दिया 100 रुपए का शगुन
कार्यक्रम के दौरान डिंपल यादव ने खुद आगे बढ़कर इकरा हसन के साथ केक काटा। इस दौरान माहौल तालियों और हंसी-मजाक से खुशनुमा हो गया। परंपरा निभाते हुए अखिलेश यादव ने इकरा हसन को 100 रुपए का नोट शगुन के तौर पर भेंट किया। पैसे पाकर इकरा हसन शर्म से मुस्कुरा उठीं।
सपा की पुरानी परंपरा
सपा सांसद आनंद भदौरिया ने बताया कि यह अखिलेश यादव की पुरानी परंपरा है। जब भी किसी सांसद या विधायक का जन्मदिन उनके सामने होता है, तो वह उन्हें 100 रुपए का शगुन देते हैं। यह परंपरा वर्षों से पार्टी में चली आ रही है।