पूर्व PMO सलाहकार अमित खरे अब उपराष्ट्रपति के सचिव, IAS चंद्रशेखर को मिली अहम जिम्मेदारी
नई दिल्ली: भारत के 15वें उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन की टीम में दो वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को अहम जिम्मेदारी दी गई है। झारखंड कैडर के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी अमित खरे को उपराष्ट्रपति का सचिव और केरल कैडर के आईएएस अधिकारी चंद्रशेखर एस. (बैच 2014) को प्राइवेट सेक्रेटरी नियुक्त किया गया है।
अमित खरे की नियुक्ति
कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) की ओर से जारी आदेश के अनुसार, 1985 बैच के आईएएस अधिकारी अमित खरे को संविदा आधार पर तीन साल के लिए सचिव बनाया गया है। खरे इससे पहले 12 अक्टूबर 2021 से प्रधानमंत्री कार्यालय में प्रधानमंत्री के सलाहकार के रूप में कार्यरत थे, जहाँ वे सामाजिक क्षेत्र से जुड़े मामलों को देख रहे थे।
उनका कार्यकाल बेहद उल्लेखनीय रहा है—उन्होंने सूचना एवं प्रसारण सचिव, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता सचिव तथा उच्च शिक्षा सचिव जैसे अहम पदों पर काम किया। वे राष्ट्रीय शिक्षा नीति, 2020 (NEP 2020) तैयार करने और लागू कराने वाली टीम का हिस्सा भी रहे।
चंद्रशेखर IAS को प्राइवेट सेक्रेटरी की जिम्मेदारी
कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने चंद्रशेखर एस. (IAS, KL-2014) को उपराष्ट्रपति का प्राइवेट सेक्रेटरी नियुक्त करने को मंजूरी दी है। आदेश के मुताबिक वे उपराष्ट्रपति के कार्यकाल तक इस पद पर बने रहेंगे। नियुक्ति से पहले चंद्रशेखर लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) में डिप्टी डायरेक्टर थे।
अमित खरे का प्रोफ़ाइल
-
शिक्षा: दिल्ली के सेंट स्टीफंस कॉलेज से स्नातक और आईआईएम अहमदाबाद से एमबीए।
-
कैरियर: केंद्र और राज्य सरकारों में कई प्रमुख पदों पर कार्यरत रहे।
-
उपलब्धि: चारा घोटाले का पर्दाफाश करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
-
शिक्षा सुधार: झारखंड में विकास आयुक्त रहते हुए लिंग बजट, प्रदर्शन बजट और DBT जैसे सुधार लागू किए।