वरिष्ठ कवि जनेश्वर तिवारी ‘अनुभवी’ की पुस्तक ‘अनुभूतियों के स्वर’ का भव्य विमोचन
गाजियाबाद, 1 मार्च 2026। गगन इन्कलेब मंदिर प्रांगण में रविवार को वरिष्ठ कवि श्री जनेश्वर तिवारी ‘अनुभवी’ द्वारा रचित नवीनतम काव्य कृति ‘अनुभूतियों के स्वर’ का लोकार्पण समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में साहित्य प्रेमियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का सफल संचालन साहित्य प्रेमी एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्री राजेन्द्र प्रताप सिंह ने किया। समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में गौतमबुद्धनगर वृत एवं मुरादाबाद अनुमंडल के उप महानिरीक्षक (निबंधन) श्री अरुण कुमार मिश्र की गरिमामयी उपस्थिति रही।
वरिष्ठ समालोचक श्री महावीर सिंह वर्मा ने पुस्तक पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसमें संकलित लगभग सभी रचनाएं अद्वितीय हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समाज की भागदौड़ और आपाधापी भरी जिंदगी में यह कृति पाठकों को नई सुबह का अनुभव कराती है। रचनाकार ने अपनी पंक्तियों में सद्ज्ञान इस प्रकार पिरोया है कि वे सीधे पाठकों के अंतर्मन को स्पर्श करती हैं और उन्हें आत्मिक शांति प्रदान करती हैं।
वक्ता श्री योगेश त्यागी ने कवि के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर चर्चा करते हुए कहा कि श्री जनेश्वर तिवारी ‘अनुभवी’ की अधिकांश रचनाएं आध्यात्मिक चिंतन की पृष्ठभूमि में लिखी गई हैं। उन्होंने कहा कि जीवन के दशकों के अनुभव के बाद लिखी गई यह पुस्तक बौद्धिक परिपक्वता का परिचय देती है और एक संग्रहणीय कृति के रूप में स्थापित होती है।
समारोह के दौरान यह भी बताया गया कि कवि का कार्यक्षेत्र लखनऊ रहा है और पिछले एक वर्ष से वे अपने ज्येष्ठ पुत्र डॉ. राजीव तिवारी के साथ रहकर नियमित डायलिसिस उपचार ले रहे हैं।
कार्यक्रम के आयोजक एडवोकेट पवित्र मोहन शर्मा (गगन इन्कलेब, जीटी रोड, गाजियाबाद) ने सभी उपस्थित अतिथियों एवं साहित्य प्रेमियों का आभार व्यक्त किया।