सपा नेता आजम खां सीतापुर जेल से रिहा, रामपुर के लिए रवाना

 
सपा नेता आजम खां सीतापुर जेल से रिहा, रामपुर के लिए रवाना

सीतापुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खां मंगलवार दोपहर 12:15 बजे सीतापुर जिला कारागार से रिहा हो गए। वह 22 अक्टूबर 2023 से जेल में निरुद्ध थे। उनकी रिहाई का आदेश रामपुर अदालत से सोमवार को ही मिल चुका था, जिसके बाद औपचारिकताएं पूरी कर उन्हें जेल से बाहर किया गया।

पूर्व मंत्री के बेटे अदीब आजम सुबह से ही रामपुर से समर्थकों के साथ जेल के बाहर मौजूद थे। सीतापुर में पार्टी जिलाध्यक्ष, विधायक अनिल वर्मा, पूर्व मंत्री रामहेत भारती और अन्य पदाधिकारी भी समर्थकों संग पहुंचे।

रिहाई का कानूनी आधार

रामपुर की एमपी-एमएलए विशेष अदालत ने अक्टूबर 2023 में आजम, उनकी पत्नी तजीन फात्मा और बेटे अब्दुल्ला को सात साल की सजा सुनाई थी। यह मामला अब्दुल्ला खां के दो जन्म प्रमाण पत्र बनाने से जुड़ा था। जमानत मिलने के बाद भी आजम को शत्रु संपत्ति मामले में बढ़ाई गई धाराओं के चलते जेल में रहना पड़ा था। 20 सितंबर को वारंट जारी न होने पर रिहाई का रास्ता साफ हुआ।

WhatsApp Group Join Now


जेल के बाहर समर्थकों का जमावड़ा

आजम की रिहाई की खबर मिलते ही सीतापुर जेल के बाहर सुबह से ही समर्थकों की भीड़ जुट गई। वाहन बेतरतीब खड़े होने से यातायात बाधित हुआ और पुलिस ने 30 गाड़ियों के चालान किए। समर्थकों ने नारेबाजी और स्वागत कर उनका जोरदार अभिवादन किया।

अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आजम खां की रिहाई पर कहा, “यह पार्टी के लिए खुशी की बात है। हमें उम्मीद थी कि आजम को न्याय मिलेगा। अगर हमारी सरकार बनी तो उन पर दर्ज सभी झूठे मुकदमे वापस लिए जाएंगे।”

आजम खां जेल से निकलने के बाद 10 गाड़ियों के काफिले के साथ रामपुर रवाना हो गए।

Tags

Share this story