435 KM का सफर सिर्फ भरोसे पर: बागपत से कानपुर डीएम तक पहुँचा फरियादी
कानपुर, उत्तर प्रदेश के कानपुर में आयोजित जनता दर्शन में उस वक्त एक अनोखा और भावुक क्षण देखने को मिला, जब बागपत जिले के एक छोटे से गांव के निवासी राजकुमार नामक युवक 435 किलोमीटर की लंबी दूरी तय करके सीधे जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह से मिलने पहुँचे।
राजकुमार का कहना था, “मुझे विश्वास था कि मेरी समस्या का हल वही अफसर कर सकते हैं, जो मेरी बात को गंभीरता से सुनते हैं — चाहे वह कहीं भी हों।”
दरअसल, कुछ महीने पहले जब श्री सिंह बागपत में जिलाधिकारी के पद पर थे, तब राजकुमार ने उनसे मिलकर अपनी समस्या बताई थी। श्री सिंह ने उसे संजीदगी से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश भी दिए थे। लेकिन समाधान से पहले ही उनका तबादला कानपुर हो गया।
A man from Baghpat traveled 435 km to Kanpur, trusting that the same IAS officer who once heard his plea would help him again — and he did. #UPNews #PublicService #Kanpur pic.twitter.com/2uYEWCpqQD
— The Vocal News (@thevocalnews) July 7, 2025
इसके बावजूद राजकुमार को भरोसा था कि यह अफसर उनकी मदद जरूर करेगा — और इसी भरोसे पर उन्होंने छह महीने बाद बागपत से कानपुर का सफर तय किया।
जनता दर्शन में जब जिलाधिकारी श्री सिंह ने उन्हें देखा, तो उनकी बात पहले की ही तरह धैर्यपूर्वक सुनी। इतना ही नहीं, उन्होंने बागपत के अधिकारियों से फोन पर बात कर समस्या के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। साथ ही, राजकुमार को जलपान कराया गया और उन्हें रेलवे स्टेशन तक छोड़ने के लिए सरकारी वाहन की भी व्यवस्था की गई।
राजकुमार ने बताया, “जिलाधिकारी साहब के फैसलों और संवेदनशीलता पर मुझे शुरू से ही विश्वास था। उन्होंने पहले भी मेरी बात को गंभीरता से लिया था और आज फिर वही भरोसा सही साबित हुआ।”
डीएम श्री सिंह ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुसार जनता दर्शन का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं को पूरी संवेदनशीलता से सुनकर समाधान करना है।