बाराबंकी में छात्रों और ABVP कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज: CM योगी ने लिया संज्ञान, कई पुलिसकर्मी निलंबित
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में एबीवीपी कार्यकर्ताओं और छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुए लाठीचार्ज के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पूरे मामले पर सख्त रुख अपनाया है।
सीएम योगी ने पुलिसकर्मियों की ज्यादती पर नाराजगी जताते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके तहत सीओ हर्षित चौहान को निलंबित कर दिया गया है, जबकि नगर कोतवाली के इंस्पेक्टर और गदिया चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर किया गया है। साथ ही, आईजी अयोध्या प्रवीण कुमार को मामले की जांच सौंपी गई है।
घटना की पृष्ठभूमि
रामस्वरूप यूनिवर्सिटी में LLB कोर्स की मान्यता रद्द होने के बावजूद एडमिशन जारी रहने पर छात्र विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस और छात्रों के बीच झड़प हो गई। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज कर दिया। इसमें लगभग 25 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
Barabanki: Chaos at Shri Ramswaroop University as students & ABVP protest against unrecognized law courses. Clash with police leaves 24 injured. #Barabanki pic.twitter.com/vKGu55ey80
— The Vocal News (@thevocalnews) September 2, 2025
घटना से गुस्साए छात्र और ABVP कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए पुलिस-प्रशासन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। सरकार के एक मंत्री अस्पताल जाकर घायलों से मिले।
सरकार का सख्त संदेश
सरकार ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए साफ संदेश दिया है कि किसी भी परिस्थिति में पुलिसिया ज्यादती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही, मंडलायुक्त अयोध्या को यूनिवर्सिटी की डिग्री की वैधता की जांच करने के आदेश दिए गए हैं।