दिल्ली: इंद्रप्रस्थ पार्क में मुठभेड़ के बाद ईरानी गैंग के दो शातिर गिरफ्तार, डकैती की बना रहे थे योजना
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के इंद्रप्रस्थ क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक मुठभेड़ के बाद ईरानी गैंग के दो सक्रिय अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी की यह संयुक्त कार्रवाई हजरत निजामुद्दीन थाना पुलिस और दक्षिण-पूर्व जिले की एसटीएफ टीम ने मिलकर की।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम मुर्तजा अली उर्फ डामर और सिराज अली हैं। दोनों लंबे समय से दिल्ली-एनसीआर में डकैती और लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
फायरिंग के बाद दोनों के पैरों में लगी गोली
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सूचना मिलने पर इंद्रप्रस्थ पार्क के पास एसटीएफ और हजरत निजामुद्दीन थाना पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की। इसी दौरान संदिग्धों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
इस मुठभेड़ में पुलिसकर्मी राजेंद्र की बुलेटप्रूफ जैकेट पर एक गोली लगी, जिससे वह बाल-बाल बच गए। घायल अपराधियों को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आपराधिक रिकॉर्ड और बरामदगी
-
मुर्तजा अली के खिलाफ 46 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
-
सिराज अली भी आर्म्स एक्ट के मामलों में शामिल रहा है।
-
मौके से दो पिस्टल, छह कारतूस, और एक चोरी की बाइक बरामद की गई है।
पुलिस का कहना है कि दोनों किसी बड़ी डकैती की योजना बना रहे थे, जिसे समय रहते नाकाम कर दिया गया।