दिल्ली मेट्रो येलो लाइन पर 5 घंटे तक सेवाएं बाधित, यात्रियों को दिक्कत
नई दिल्ली: शुक्रवार की सुबह दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन पर सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सुबह से ही नई दिल्ली और पटेल चौक स्टेशनों के बीच सिग्नलिंग समस्या के कारण ट्रेनें धीमी रफ्तार से चलीं, जिससे स्टेशनों पर भारी भीड़ जमा हो गई और यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में देरी हुई।
पांच घंटे तक बाधित रहीं सेवाएं
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) के अनुसार, सिग्नलिंग में आई तकनीकी खराबी सुबह 7:25 बजे सामने आई, जिसके चलते दोपहर करीब 12 बजे तक सेवाओं को नियंत्रित रखना पड़ा। इस दौरान कश्मीरी गेट से पटेल चौक के बीच ट्रेनों को केवल 25 किलोमीटर प्रति घंटा की गति पर चलाया गया। हालांकि येलो लाइन के बाकी हिस्सों पर ट्रेनें सामान्य रूप से चलती रहीं।
यात्रियों से संयम बरतने की अपील
DMRC की ओर से लगातार मेट्रो स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों को सूचना दी जाती रही और संयम बरतने की अपील की गई। लेकिन सिग्नलिंग समस्या के चलते पूरी येलो लाइन पर ट्रेनों का जमावड़ा दिखाई दिया, जिससे दिक्कत और बढ़ गई।