दिल्ली में मॉनसून की दस्तक में देरी, अब दो-तीन दिन और करना होगा इंतजार

नई दिल्ली: राजधानी में मानसून के इंतजार में बैठे लोगों को अभी कुछ और दिन उमस भरी गर्मी झेलनी पड़ेगी। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब सप्ताहांत तक ही पहुंचेगा। शुरुआत में बारिश भी हल्की होने की संभावना है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक आर.के. जेनामणि के अनुसार, इस बार मानसूनी हवाएं ज़मीन के काफी निचले स्तर पर हैं, जिसकी वजह से अरावली की पर्वतमालाएं इन हवाओं के दिल्ली पहुंचने में बाधा बन रही हैं।
पिछले कुछ दिनों से राजधानी में बादलों की आवाजाही और हल्की फुहारें देखने को मिली हैं। लेकिन ऊपरी व मध्य स्तरों पर एंटीसाइक्लोनिक सर्कुलेशन और वायुमंडलीय रिज (ridge) सक्रिय रहने के कारण मानसून की आगे बढ़ने की रफ्तार धीमी हो गई है।
2021 में 13 जुलाई को आया था मानसून
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में आमतौर पर मानसून 27 जून के आसपास पहुंचता है। 2023 में यह 28 जून को, 2022 में 25 जून को और 2021 में 13 जुलाई को दिल्ली पहुंचा था। इस बार यह अनुमान है कि 2-3 दिनों में हल्की बारिश के साथ मानसून प्रवेश करेगा।
बृहस्पतिवार को गर्मी और उमस का सितम
गुरुवार को अधिकतम तापमान 38°C और न्यूनतम तापमान 29.8°C रहा, जो सामान्य से थोड़ा अधिक था। नमी का स्तर 85% से 54% के बीच बना रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार को हल्की वर्षा, बिजली चमकने और गरज के साथ बादल बनने की संभावना है।
दिल्ली की हवा में सुधार
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) गुरुवार को 95 रहा, जो 'संतोषजनक' श्रेणी में आता है। एक दिन पहले यह 132 था, जो मध्यम श्रेणी में था। 24 घंटों में AQI में 37 अंकों की गिरावट दर्ज की गई है।