इटावा में कथावाचक के साथ जातिगत दुर्व्यवहार, अखिलेश यादव ने दी आंदोलन की चेतावनी; चार आरोपी गिरफ्तार
बकेवर थाना क्षेत्र के दादरपुर गांव में चल रही भागवत कथा के दौरान कथावाचक मुकुटमणि और उनके साथी संत सिंह यादव के साथ जातिगत आधार पर अमानवीय व्यवहार किए जाने का मामला गरमा गया है। कथावाचक की शिकायत पर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई तब तेज़ हुई जब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तीन दिन में कार्रवाई की चेतावनी दी थी।
क्या है मामला?
21 से 27 जून तक आयोजित कथा के दौरान सोमवार को आयोजक पप्पू बाबा और उनके साथियों ने कथावाचक की जाति पूछकर उन्हें अपमानित किया। कथावाचक मुकुटमणि का आरोप है कि यादव होने की वजह से उन्हें और उनके साथी संत सिंह को न केवल पीटा गया, बल्कि बाल भी काटे गए और नाक रगड़ने के लिए मजबूर किया गया।
वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ा दबाव
सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होते ही मामला तूल पकड़ गया। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह घटना संविधान और व्यक्ति की गरिमा का उल्लंघन है। उन्होंने तीन दिन में गिरफ्तारी की चेतावनी दी और ‘पीडीए के मान-सम्मान की रक्षा’ के लिए आंदोलन की चेतावनी दी।
चार आरोपी जेल भेजे गए
पुलिस ने मुकुटमणि की तहरीर और वायरल वीडियो के आधार पर चार आरोपियों—पप्पू बाबा, अतुल, मनीष और एक अन्य को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।