गाजियाबाद: पेट्रोल पंप से डीजल भरवाने के बाद 25 गाड़ियां खराब, ग्रामीणों ने किया हंगामा

 
गाजियाबाद: पेट्रोल पंप से डीजल भरवाने के बाद 25 गाड़ियां खराब, ग्रामीणों ने किया हंगामा

गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र स्थित मोरटा के एचपी पेट्रोल पंप पर सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। ग्रामीणों का आरोप है कि यहां से डीजल भरवाने के बाद उनकी करीब 20–25 गाड़ियां अचानक खराब हो गईं। जब शिकायत लेकर लोग पंप पर पहुंचे तो संचालक ने बात सुनने से इनकार कर दिया, जिसके बाद आक्रोशित भीड़ ने विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया।

डीएम ने दिए जांच के आदेश

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को शांत कराया। बाद में मामला जिलाधिकारी के संज्ञान में लाया गया। डीएम ने तुरंत जिला आपूर्ति अधिकारी (DSO) को जांच के आदेश दिए। जांच टीम ने मौके से डीजल का सैंपल लिया और प्रयोगशाला में जांच के लिए भेज दिया।

WhatsApp Group Join Now

ग्राहकों का आरोप: खराब डीजल से हुआ भारी नुकसान

ग्राहकों का कहना है कि डीजल की गुणवत्ता खराब होने से उनके वाहनों के इंजन खराब हो गए हैं। अब मरम्मत का खर्च उन पर आ गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि यदि मिलावट साबित होती है तो पंप संचालक और कंपनी न केवल कानूनी कार्रवाई झेलें बल्कि मरम्मत का खर्च भी उठाएं।

कंपनी का आश्वासन

डिपो कर्मचारियों ने बताया कि अगर जांच रिपोर्ट में डीजल खराब पाया जाता है तो कंपनी सभी प्रभावित वाहनों की मरम्मत खुद करवाएगी। वहीं, पेट्रोल पंप संचालक ने किसी भी तरह की मिलावट से इनकार किया है। उनका कहना है कि शुरुआती जांच में कोई कमी नहीं मिली है। उनके पेट्रोल और डीजल दोनों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट 2–3 दिन में आएगी।

अब नजरें रिपोर्ट पर

जहां ग्राहक नुकसान की भरपाई की मांग कर रहे हैं, वहीं संचालक अपनी सफाई दे रहे हैं। फिलहाल सबकी नजरें लैब रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे तय होगा कि लापरवाही किसकी थी।

Tags

Share this story