ग्रेटर नोएडा वेस्ट: लिफ्ट फंसने से मेड हुई बेहोश, रेजिडेंट्स ने जताई नाराजगी
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के एआईएमएस ग्रीन एवेन्यू सोसायटी में देर रात अफरा-तफरी मच गई, जब एक घरेलू सहायिका (मेड) करीब एक घंटे तक लिफ्ट में फंसी रही। यह घटना सोसायटी के डी टावर के 13वें फ्लोर पर हुई।
रेजिडेंट्स के मुताबिक, लंबे समय तक लिफ्ट में फंसी रहने के कारण महिला की हालत बिगड़ गई और जब उसे बाहर निकाला गया, तो वह बेहोशी की स्थिति में थी। रेजिडेंट्स का आरोप है कि सोसायटी में लिफ्ट खराब होने की शिकायत कई बार दी जा चुकी है, लेकिन बिल्डर और मेंटेनेंस टीम की लापरवाही के चलते यह समस्या बनी रहती है।
लिफ्ट में फंसने से मेड हुई बेहोश
घटना के समय लिफ्ट अचानक बीच में रुक गई और कई प्रयासों के बावजूद दरवाजा नहीं खोला जा सका। इसके बाद रेजिडेंट्स ने पास की दूसरी सोसायटी से लिफ्ट ऑपरेटर को बुलाया और उसकी मदद से महिला को बाहर निकाला गया। समय पर मदद मिलने से महिला की जान बच गई।
रेजिडेंट्स ने जताई नाराजगी और पुलिस से की शिकायत
घटना के बाद नाराज रेजिडेंट्स देर रात बिसरख थाने पहुंचे और पुलिस से शिकायत दर्ज करने की मांग की। हालांकि, उनका आरोप है कि पुलिस ने उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया और FIR दर्ज करने से इनकार कर दिया।
रेजिडेंट्स ने चेतावनी दी है कि अगर बिल्डर और प्रशासन ने जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
सुरक्षा और मेंटेनेंस पर उठे सवाल
स्थानीय निवासियों का कहना है कि बार-बार लिफ्ट खराब होने के बावजूद बिल्डर और मेंटेनेंस टीम कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। यह घटना बिल्डरों की लापरवाही और सुरक्षा इंतजामों की पोल खोलती है।
बिसरख थाना क्षेत्र के इस मामले ने ग्रेटर नोएडा की हाई-राइज सोसायटियों की सुरक्षा और मेंटेनेंस पर सवाल खड़े कर दिए हैं।