Nikki Murder Case: दहेज की मांग ने ली निक्की की जान, पति-विपिन भाटी और सास दयावती गिरफ्तार, वायरल वीडियो ने खोला राज़
दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा में 26 वर्षीय निक्की की दहेज के लिए हत्या ने पूरे इलाके को हिला दिया है। पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई में पति विपिन भाटी को गिरफ्तार कर लिया गया है, वहीं उसकी मां दयावती भी हिरासत में है।
वायरल वीडियो ने खोला सच
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में आरोपी पति विपिन भाटी और एक महिला निक्की को बेरहमी से पीटते और बाल पकड़कर घसीटते दिखाई दिए। दूसरी क्लिप में निक्की आग की लपटों में झुलसकर सीढ़ियों से गिरती नजर आई। अस्पताल ले जाई गई निक्की ने गुरुवार रात दम तोड़ दिया।
पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ आरोपी
शनिवार को गिरफ्तार किए गए विपिन भाटी को रविवार को सबूत जुटाने के लिए घटनास्थल ले जाया गया। इसी दौरान उसने पुलिस इंस्पेक्टर की पिस्तौल छीनकर भागने की कोशिश की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में है।
सास की भूमिका उजागर
पुलिस ने बताया कि इस वारदात में आरोपी की मां दयावती की भी अहम भूमिका थी। उसने बेटे को उकसाया और साजिश में शामिल रही। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह फरार थी, लेकिन जिम्स अस्पताल के पास से पकड़ी गई।
गवाही में सामने आई सच्चाई
निक्की की बहन कंचन, जिसकी उसी परिवार में शादी हुई है, ने कैमरे पर घटना रिकॉर्ड की। उसका आरोप है कि निक्की पर पहले तेजाब डाला गया और फिर बेटे के सामने आग लगा दी गई। निक्की के 6 वर्षीय बेटे ने भी बयान दिया—“उन्होंने मेरी मम्मी पर कुछ डाला और फिर लाइटर से आग लगा दी।”
पिता का दर्द और इंसाफ की मांग
निक्की के पिता भिखारी सिंह ने कहा—“मेरी बेटी को दरिंदों ने साजिश के तहत मार डाला। सास ही इस वारदात की मास्टरमाइंड है। दोनों को फांसी होनी चाहिए, वरना हम भूख हड़ताल करेंगे।”
फिलहाल कासना थाने में पति, सास और अन्य आरोपियों के खिलाफ IPC की धारा 103(1) (हत्या), 115(2) (चोट) और 61(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।