ग्रेटर नोएडा के टोल प्लाजा पर दबंगों की गुंडागर्दी, महिला कर्मचारी के साथ छेड़छाड़

ग्रेटर नोएडा | उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में लुहारली टोल प्लाजा पर एक दबंगई का मामला सामने आया है। यहां कुछ तथाकथित किसान नेता किसान यूनियन की आड़ में टोल टैक्स न देने के बाद महिला टोल कर्मी के साथ अभद्रता करने लगे। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई और अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
टोल कर्मी से अभद्रता और मारपीट
मंगलवार दोपहर को एनएच-91 लुहारली टोल प्लाजा पर महिला टोल कर्मी से दबंगों ने मारपीट और अभद्रता की। आरोप है कि उन्होंने बिना टोल टैक्स दिए अपने वाहन को निकालने की कोशिश की और जब रोका गया तो महिला कर्मी के साथ निजी अंगों को छूने की कोशिश की गई। यह सब सीसीटीवी कैमरे में दर्ज हुआ, जो अब सोशल मीडिया पर फैल चुका है।
Dabangs disguised as farmer leaders create chaos at Greater Noida toll plaza, harass female employee & attempt to bypass toll, caught on CCTV! #TollPlaza #GreaterNoida pic.twitter.com/ehBWeeG6Z7
— The Vocal News (@thevocalnews) June 4, 2025
आरोपियों का आतंक
लुहारली टोल प्लाजा प्रशासन ने बताया कि ये असामाजिक तत्व किसान यूनियन की आड़ में व्यावसायिक वाहनों को बिना टोल भुगतान के निकालने का प्रयास कर रहे थे। जब टोल कर्मचारियों ने उनका विरोध किया तो इन आरोपियों ने गुंडागर्दी की और महिला कर्मचारियों के साथ बदसलूकी की। इसमें मुख्य आरोपी अमित भाटी है, जिनके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
टोल की राजस्व हानि और सुरक्षा खतरा
प्रशासन ने कहा कि इस तरह की घटनाएं टोल के राजस्व को नुकसान पहुंचा रही हैं और कर्मचारियों के बीच डर का माहौल बना रही हैं। अगर इस पर जल्द ही रोक नहीं लगी तो ये असामाजिक तत्व खतरनाक हादसे का कारण बन सकते हैं। इस मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
किसान यूनियन का चोला पहनकर उपद्रव
दूसरी ओर, यह भी देखा जा रहा है कि स्थानीय ट्रांसपोर्टर्स अपने ड्राइवर और कर्मचारियों को किसान यूनियन का चोला पहनाकर टोल पर भेज रहे हैं ताकि वे फ्री में अपनी गाड़ियों को निकाल सकें। इससे भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग के राजस्व को नुकसान हो रहा है, जो गैर कानूनी है। वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि घटना को अंजाम देने वाला बाबा हीरा नाथ ट्रांसपोर्टर मालिक रोहित शर्मा था।