जीएसटी 2.0 से दिल्ली के बाजार गुलजार, नवरात्रि पर खरीदारी में बढ़ोतरी
नई दिल्ली। नवरात्रि के पहले दिन बाजारों में खरीदारों की भीड़ देखने को मिली। इसका कारण जीएसटी 2.0 से जुड़ी दरों में कटौती है, जिसने दुकानदारों और उपभोक्ताओं दोनों में उत्साह भर दिया है। किराना से लेकर घरेलू बर्तन, कपड़े, स्मार्टफोन, टीवी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम तक की बिक्री में तेजी आई। वहीं, दोपहिया और चारपहिया वाहनों के शोरूम में पूछताछ 50 प्रतिशत से अधिक बढ़ गई।
कई दुकानों और रेस्टोरेंट्स ने दर कटौती से ग्राहकों को होने वाले लाभ की सूची अपने स्टोर पर चस्पा की। उपभोक्ता भी यह जांचने पहुंचे कि उन्हें वास्तव में फायदा मिल रहा है या नहीं। चांदनी चौक, करोलबाग, लाजपत नगर, खान मार्केट और साउथ एक्स जैसे प्रमुख बाजार आम दिनों की तुलना में ज्यादा गुलजार दिखे।
व्यापारी संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने कश्मीरी गेट से पोस्टर अभियान शुरू किया है। इसमें वस्तुओं के पुराने और नए जीएसटी रेट बताकर ग्राहकों को लाभ की जानकारी दी जा रही है। संगठन का कहना है कि यह जागरूकता अभियान दिल्ली के अन्य बाजारों में भी चलाया जाएगा।
व्यापारियों का मानना है कि जीएसटी 2.0 का वास्तविक असर अगले महीने दिखेगा, जब वेतन और बोनस उपभोक्ताओं के हाथ में आएंगे। नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (NDTA) और अन्य संगठनों ने अनुमान जताया कि आगामी त्योहारी सीजन में मांग में बंपर उछाल देखने को मिलेगा।