INDIA Alliance: गठबंधन मिलकर लड़ेगा लोकसभा चुनाव, मुंबई मीटिंग में पास हुआ प्रस्ताव

INDIA Alliance Meeting in Mumbai: विपक्षी दलों के गठबंधन INDIA की बैठक मुंबई में हो रही है। बैठक के दूसरे दिन विपक्षी दलों के नेताओं ने ग्रुप फोटो के जरिए एकजुटता दिखाई। विपक्षी गठबंधन इंडिया की मुंबई मीटिंग में यह प्रस्ताव पास किया गया है कि यह गठबंधन लोकसभा चुनाव मिलकर लड़ेगा। इस बैठक में एक देश एक चुनाव को लेकर भी चर्चा हो रही है। केंद्र सरकार ने इसके लिए कमेटी का गठन किया है। सरकार द्वारा 18-22 सितंबर तक संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा -समावेशी भारत के लिए एकजुट
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ग्रुप फोटो ट्वीट की है। उन्होंने लिखा, "हम एक प्रगतिशील, कल्याणोन्मुख और समावेशी भारत के लिए एकजुट हैं। सरकार जनता को जितना भी भटकाना चाहे, लेकिन जनता के साथ और विश्वासघात नहीं किया जा सकता। 140 करोड़ भारतीयों ने परिवर्तन लाने का फैसला किया है। इस सरकार के जाने की उलटी गिनती शुरू हो गई है
बैठक में तैयार की जा रही चुनाव अभियान रणनीति
मुंबई में इंडिया की तीसरी बैठक हो रही है। इससे पहले बेंगलुरु और पटना में बैठक हुई है। विपक्षी दलों ने लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए से मुकाबला करने के लिए INDIA नाम का गठबंधन बनाया है। मुंबई में हो रही बैठक का उद्देश्य चुनाव अभियान रणनीति तैयार करना और विपक्ष की औपचारिक संरचना को अंतिम रूप देना है।
जल्द हो सकते हैं लोकसभा चुनाव
विपक्षी दलों को लग रहा है कि सरकार समय से पहले लोकसभा के चुनाव करा सकती है। ऐसा होने पर उन्हें चुनाव प्रचार अभियान के लिए समय कम मिलेगा। इसे देखते हुए विपक्षी दल जल्द से जल्द समन्वय समिति और अन्य समूहों का गठन करना चाहते हैं। विभिन्न राजनीतिक दलों को समिति में अपने प्रतिनिधियों को नामित करने के लिए कहा गया है। समन्वय समिति की जिम्मेदारियां इंडिया ब्लॉक के सभी भागीदारों के बीच साझा की जाएंगी।