कानपुर के नए पुलिस आयुक्त बने आईपीएस रघुवीर लाल, माफिया विरोधी अभियान की कमान संभाली

 
कानपुर के नए पुलिस आयुक्त बने आईपीएस रघुवीर लाल, माफिया विरोधी अभियान की कमान संभाली

कानपुर। उत्तर प्रदेश सरकार ने आईपीएस रघुवीर लाल को कानपुर कमिश्नरेट का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया है। इससे पहले वे एडीजी सुरक्षा के पद पर तैनात थे। वर्ष 2023 में उन्हें विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक और सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया गया था।

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग निवासी 1997 बैच के आईपीएस अधिकारी रघुवीर लाल को पुलिस विभाग में उनकी तेजतर्रार कार्यशैली और प्रशासनिक कुशलता के लिए जाना जाता है।


केंद्र और राज्य, दोनों स्तरों पर अनुभव

रघुवीर लाल का करियर राज्य और केंद्र—दोनों स्तरों पर उल्लेखनीय रहा है। वे बसपा सरकार के दौरान लखनऊ में पहले एसएसपी (कानून-व्यवस्था) बने थे। इसके अलावा उन्होंने सोनभद्र, चित्रकूट, अलीगढ़, आगरा, मेरठ और गाजियाबाद जैसे अहम जिलों में भी बतौर एसएसपी कार्य किया है।

WhatsApp Group Join Now

केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर रहते हुए उन्होंने लोकसभा सचिवालय में संयुक्त सचिव (सुरक्षा) और दिल्ली मेट्रो के सुरक्षा प्रमुख के रूप में सेवाएं दीं। दिल्ली मेट्रो के डीआईजी के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान कई उपलब्धियाँ दर्ज हुईं, जिनमें गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज होना भी शामिल है।

माफिया विरोधी अभियान बनी बड़ी जिम्मेदारी

कानपुर में माफिया और अपराध जगत के खिलाफ चल रहे सख्त अभियान की कमान अब रघुवीर लाल के हाथों में है। पूर्व पुलिस आयुक्त अखिल कुमार के नेतृत्व में पिछले डेढ़ वर्ष से चल रहे इस अभियान को अब और मजबूती देने की चुनौती उनके सामने है।

केंद्र में लंबे कार्यकाल और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सेवा अनुभव के कारण रघुवीर लाल से उम्मीद की जा रही है कि वे कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करेंगे और अपराध पर नकेल कसेंगे।

Tags

Share this story