कानपुर एयरपोर्ट पर हड़कंप: फ्लाइट में घुसे चूहे से 3 घंटे रुकी उड़ान
कानपुर। चकेरी एयरपोर्ट पर रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट में एक चूहा दिखाई दिया। फ्लाइट को तत्काल रोक दिया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद चूहे को बाहर निकाला गया, जिसके बाद शाम 6:04 बजे विमान ने उड़ान भरी।
फ्लाइट अपने तय समय दोपहर 2:55 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली थी। लेकिन यात्रियों के बैठने के बाद क्रू मेंबर ने केबिन में चूहे को घूमते देखा। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 144 यात्रियों को लाउंज में भेज दिया गया।
कैसे पकड़ा गया चूहा?
टेक्निकल टीम और ग्राउंड स्टाफ ने विमान के हर हिस्से की जांच की। अंततः केमिकल का इस्तेमाल कर चूहे को बेहोश किया गया और सुरक्षित बाहर निकाला गया। अधिकारियों ने बताया कि उड़ान के दौरान किसी भी खतरे से बचने के लिए सभी प्रोटोकॉल फॉलो किए गए।
इस देरी से नाराज़ कुछ यात्रियों ने टिकट कैंसल कर दिए। हालांकि एयरपोर्ट अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी कारण विमान की उड़ान में देरी हुई।