कानपुर: साइबर ठगों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 8 गिरफ्तार, लाखों की बरामदगी
कानपुर पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। बर्रा थाना पुलिस ने छापेमारी कर 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जो ऑनलाइन गेमिंग ऐप्स और वेबसाइट्स के जरिए लोगों से ठगी कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 22 मोबाइल फोन, 7 एटीएम कार्ड और 3 लाख 10 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
डीसीपी दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि आरोपी KARTIKEY 365, LOTUS 365, REDDY BOOK और DUBAI EXH जैसे ऑनलाइन गेमिंग ऐप्स का इस्तेमाल करते थे। ये छोटे-छोटे इनाम का लालच देकर लोगों से बड़ी रकम हड़पते थे।
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में सरगना सुल्तान मिर्ज़ा उर्फ अभय शुक्ला का नाम सामने रखा है, जो अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। कार्रवाई करने वाली टीम को 15 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है।
पुलिस का कहना है कि इस तरह के गैंग भोले-भाले युवाओं को ऑनलाइन सट्टेबाजी और गेमिंग में फंसाकर उनकी मेहनत की कमाई हड़प लेते हैं। फिलहाल मामले की गहन जांच की जा रही है और मुख्य आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।