कानपुर देहात में खेत में गिरी रहस्यमयी वस्तु, निकली मौसम विभाग की डिवाइस

कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र के गढ़िया घासीराम गांव में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक खेत में गुब्बारेनुमा रहस्यमयी वस्तु गिरती देखी गई। सफेद थर्माकोल के डिब्बे में बंद यह वस्तु लाल लाइट से चमक रही थी, जिसे देखकर स्थानीय लोग 'अंतरिक्ष से गिरा उपकरण' समझ बैठे और दहशत में आ गए।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही झींझक पुलिस चौकी को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से वस्तु को सावधानीपूर्वक कब्जे में लिया। पुलिस ने बताया कि वस्तु पर लेबल था –
“मौसम विज्ञान के उपमहानिदेशक (उपकरण उत्पादन), भारत मौसम विज्ञान विभाग, लोदी रोड, नई दिल्ली।”
निकली मौसम विभाग की रिमोट डिवाइस
पुलिस का कहना है कि यह डिवाइस भारत मौसम विज्ञान विभाग की हो सकती है, जिसे मौसम के आंकड़े एकत्र करने के लिए रबर गुब्बारे के जरिए छोड़ा जाता है। संभवतः किसी तकनीकी गड़बड़ी या गुब्बारे के फटने से यह जमीन पर आ गिरी।
विभाग से संपर्क करेगा पुलिस प्रशासन
झींझक चौकी प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि डिवाइस को सुरक्षित रूप से कब्जे में लिया गया है और भारत मौसम विज्ञान विभाग से संपर्क कर इस घटना की जानकारी दी जाएगी। गांव में अब स्थिति सामान्य है।