कानपुर में बनेगी अत्याधुनिक ई-लाइब्रेरी, छात्रों को मिलेगा डिजिटल अध्ययन का अनुभव

 
कानपुर में बनेगी अत्याधुनिक ई-लाइब्रेरी, छात्रों को मिलेगा डिजिटल अध्ययन का अनुभव

कानपुर शहर के विद्यार्थियों और आम नागरिकों को जल्द ही आधुनिक तकनीक से लैस ई-लाइब्रेरी की सुविधा मिलने जा रही है। नगर निगम द्वारा फूलबाग स्थित गांधी भवन में इस डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण किया जा रहा है। महापौर प्रमिला पांडेय और नगर आयुक्त सुधीर कुमार ने करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस ई-लाइब्रेरी का भूमि-पूजन किया। यह प्रोजेक्ट मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत पूरा किया जा रहा है।

ई-लाइब्रेरी की मुख्य विशेषताएं

नगर आयुक्त ने बताया कि इस ई-लाइब्रेरी में विद्यार्थियों और पाठकों को ई-बुक्स, ई-न्यूज़पेपर, ई-जर्नल्स, ई-मैगजीन, मॉक टेस्ट प्लेटफ़ॉर्म, 35,000 डिजिटाइज्ड किताबें, बहुभाषी अनुवाद सुविधा और हाई-स्पीड वाई-फाई जैसी सुविधाएं मिलेंगी। इसके लिए सर्वर, 10 केवीए यूपीएस और अन्य आईटी कंपोनेंट भी लगाए जा रहे हैं।

WhatsApp Group Join Now

आधुनिक रीडिंग हॉल और इंफ्रास्ट्रक्चर

50 सीट क्षमता वाले रीडिंग हॉल में फर्श की मरम्मत, नई टाइल्स, आधुनिक फर्नीचर, पेंटिंग, सेंट्रल एसी, 50 कंप्यूटर और 20 टैबलेट उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही इंटीरियर डेकोरेशन, फॉल्स सीलिंग, 250 कुर्सी-मेज, स्वच्छ पेयजल और शौचालय की व्यवस्था भी होगी।

दिव्यांगों और टेक्नोलॉजी के लिए विशेष प्रावधान

डिजिटल लाइब्रेरी में नॉलेज पोर्टल और सिंगल सर्च सिस्टम की स्थापना की जाएगी। दिव्यांग पाठकों के लिए 10 विशेष उपकरण लगाए जाएंगे। अलग-अलग सिविल और आईटी कार्यों के लिए टेंडर भी जारी किए गए हैं।

भूमि-पूजन समारोह में विधायक अमिताभ बाजपेई, पार्षद यशपाल सिंह और नगर निगम के मुख्य अभियंता एसएफए जैदी भी मौजूद रहे। नगर आयुक्त के अनुसार यह परियोजना शहर को स्मार्ट शिक्षा प्रणाली से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम है।

Tags

Share this story