कानपुर में LLB छात्र पर चापड़ से हमला, दवा के डिस्काउंट पर हुआ खूनी विवाद
कानपुर: शहर में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां एक 22 वर्षीय LLB प्रथम वर्ष के छात्र पर मेडिकल स्टोर संचालक और उसके साथियों ने चापड़ से जानलेवा हमला कर दिया। मामूली विवाद दवा पर डिस्काउंट मांगने को लेकर शुरू हुआ था, लेकिन देखते ही देखते यह खूनी संघर्ष में बदल गया।
घटना थाना रावतपुर के विनायकपुर क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, अभिजीत सिंह, जो कानपुर विश्वविद्यालय में एलएलबी प्रथम वर्ष का छात्र है, दवा खरीदने के लिए एक मेडिकल स्टोर गया था। दवा के दाम पर बहस के बाद मेडिकल स्टोर संचालक अमर सिंह से उसकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर अमर सिंह ने अपने भाई विजय सिंह और दो अन्य साथियों को बुला लिया।
पुलिस के अनुसार, चारों आरोपियों ने मिलकर छात्र पर हमला कर दिया। उन्होंने पहले सिर पर वार किया और फिर चापड़ से पेट पर हमला कर दिया, जिससे छात्र की आंतें बाहर निकल आईं। इस दौरान छात्र की दो उंगलियां भी कट गईं। गंभीर रूप से घायल अभिजीत ने किसी तरह शोर मचाकर मदद मांगी, जिसके बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी फरार हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से अभिजीत को तुरंत रीजेंसी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, छात्र की स्थिति गंभीर लेकिन स्थिर है और उसे आईसीयू में रखा गया है।
पुलिस ने चारों आरोपियों पर हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। थाना रावतपुर प्रभारी ने बताया कि तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक आरोपी फरार है। पुलिस ने बताया कि हमले में इस्तेमाल किया गया हथियार बरामद कर लिया गया है और जांच जारी है।
यह घटना स्थानीय लोगों में आक्रोश का कारण बनी हुई है। लोग मांग कर रहे हैं कि आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।