कानपुर में पेंशनर फोरम ने सांसद रमेश अवस्थी के माध्यम से प्रधानमंत्री को सौंपा 13 सूत्रीय मांगपत्र

 
कानपुर में पेंशनर फोरम ने सांसद रमेश अवस्थी के माध्यम से प्रधानमंत्री को सौंपा 13 सूत्रीय मांगपत्र

कानपुर, पेंशनर फोरम की 15 फरवरी 2026 को हुई बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार फोरम के प्रतिनिधिमंडल ने सांसद रमेश अवस्थी के माध्यम से प्रधानमंत्री को संबोधित 13 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। सांसद की अनुपस्थिति में यह ज्ञापन उनके कार्यालय प्रभारी को सौंपा गया।

फोरम के महामंत्री आनंद अवस्थी के नेतृत्व में गए प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि देश की वर्तमान परिस्थितियों में पेंशनर सरकार के साथ हैं और हर संकट की घड़ी में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे। साथ ही उन्होंने सरकार से सेवानिवृत्त कर्मचारियों की लंबित मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।

WhatsApp Group Join Now

ज्ञापन में मुख्य रूप से पेंशनरों को आठवें वेतन आयोग में शामिल करने की मांग की गई है। इसके अलावा 50 प्रतिशत महंगाई भत्ते को वेतन और पेंशन में जोड़ने, सभी पेंशनरों को आयकर से मुक्त करने तथा EPS-95 के अंतर्गत सेवानिवृत्त कर्मचारियों को ₹7500 मासिक पेंशन और महंगाई भत्ता देने की मांग भी उठाई गई।

फोरम ने यह भी मांग की कि वरिष्ठ नागरिकों को रेलवे समेत अन्य सुविधाओं में कोरोना काल से पहले मिलने वाली सभी छूटों को पुनः बहाल किया जाए। इसके साथ ही पेंशनरों को आयु के अनुसार अतिरिक्त पेंशन बढ़ाने के आदेश पर पुनर्विचार करने की मांग भी की गई है।

ज्ञापन में पुरानी पेंशन योजना की बहाली, आईआईटी के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सीजीएचएस सुविधा देने, सभी पेंशनरों को दो वर्ष में एक बार सहायक के साथ भारत भ्रमण की सुविधा देने तथा कोरोना काल में रोके गए 18 महीने के महंगाई राहत भत्ते के भुगतान पर पुनर्विचार करने की भी मांग शामिल है।

इसके अतिरिक्त पेंशन राशिकरण की कटौती 15 वर्ष के स्थान पर 12 वर्ष में समाप्त करने और सर्वोच्च न्यायालय के अंतिम निर्णयों को सभी संबंधित पक्षों पर समान रूप से लागू करने की व्यवस्था बनाने की मांग भी ज्ञापन में रखी गई है, ताकि संबंधित लोगों को बार-बार अलग-अलग अदालतों में जाने की आवश्यकता न पड़े।

ज्ञापन सौंपने वालों में महामंत्री आनंद अवस्थी, अध्यक्ष राजेश शुक्ला, बी.एल. गुलबिया, सत्य नारायण, आर.पी. शुक्ल, सुभाष चंद्र भाटिया, जिया लाल यादव, अशोक कुमार श्रीवास्तव, भानु प्रकाश निगम, आर.पी. वर्मा, ए.के. निगम, उमेश शुक्ल, कपिल देव, रमाकांत कटियार और के.के. श्रीवास्तव सहित कई अन्य सदस्य शामिल रहे।

Tags

Share this story