कानपुर: पुलिस आयुक्त ने किया किदवई नगर क्षेत्र का भ्रमण, मादक पदार्थों पर रोक के लिए बनाई कार्ययोजना
कानपुर। थाना किदवई नगर क्षेत्र के कंजड़नपुरवा इलाके में मादक पदार्थों की अवैध खरीद-फरोख्त की सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए 16 सितंबर 2025 को पुलिस आयुक्त श्री अखिल कुमार ने उच्च अधिकारियों के साथ क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ डीसीपी दक्षिण, एडीसीपी दक्षिण, एसीपी बाबूपुरवा और थाना प्रभारी किदवई नगर भी मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों से संवाद
भ्रमण के दौरान पुलिस आयुक्त ने स्थानीय परिवारों से संवाद स्थापित किया और मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने लोगों से अपील की कि अवैध कारोबार की सूचना तुरंत पुलिस तक पहुँचाएं और समाज में भी ऐसे लोगों को समझाकर मुख्यधारा से जुड़ने के लिए प्रेरित करें।
Kanpur Police Commissioner Akhil Kumar visited Kidwai Nagar, urging citizens to join ‘Operation Honsla’ against drug trade & directing strict action plans. #KanpurPolice #OperationHonsla pic.twitter.com/m8GtNujo9n
— The Vocal News (@thevocalnews) September 16, 2025
‘ऑपरेशन हौंसला’ की जानकारी
इस अवसर पर ‘ऑपरेशन हौंसला’ की भी जानकारी दी गई और लोगों से आह्वान किया गया कि अपराध का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ें। पुलिस आयुक्त ने छोटे बच्चों से भी बातचीत की, उनकी पढ़ाई-लिखाई और दिनचर्या के बारे में जाना और उन्हें टॉफियां वितरित कीं। बच्चे पुलिस आयुक्त को अपने बीच पाकर उत्साहित हुए और बोले कि वे भी बड़े होकर पुलिस अधिकारी बनना चाहते हैं।
सख्त कार्ययोजना का निर्देश
पुलिस आयुक्त ने डीसीपी दक्षिण को स्पष्ट निर्देश दिए कि मादक पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोकथाम के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाए और त्वरित तथा सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।