कानपुर में मकान मालिकों को मिलेगा बड़ा तोहफा, अब प्रॉपर्टी आईडी से जुड़ेगी पहचान
कानपुर: जैसे आधार कार्ड हर नागरिक की पहचान है, वैसे ही अब कानपुर नगर निगम अपने पंजीकृत साढ़े पांच लाख उपभोक्ताओं को 12 अंकों वाली प्रॉपर्टी आईडी देने जा रहा है। यह आईडी इस साल के अंत तक तैयार हो जाएगी और अगले वित्तीय वर्ष से जब उपभोक्ताओं को गृहकर या जलकर के बिल मिलेंगे, तो उस पर प्रॉपर्टी आईडी अंकित होगी। इससे न केवल नगर निगम में घरों से जुड़े विवाद खत्म होंगे, बल्कि नगर निगम के पास उपभोक्ता का पूरा रिकॉर्ड सालों तक सुरक्षित रहेगा।
नगर आयुक्त सुधीर कुमार के अनुसार, पिछले साल तक नगर निगम के पास साढ़े चार लाख मकान मालिक रजिस्टर्ड थे। इस साल एक लाख नए घरों को जोड़ा गया है, जिससे अब नगर निगम के पास कुल साढ़े पांच लाख उपभोक्ताओं का रिकॉर्ड होगा, और उन्हें पहली बार प्रॉपर्टी आईडी दी जाएगी।
सुधीर कुमार ने कहा कि पहले उपभोक्ताओं को बिल जमा करने के लिए मुख्यालय या जोनल दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब उन्हें इससे छुटकारा मिल जाएगा। नगर निगम अब शहर के हर उपभोक्ता के घर के बाहर एक निजी बैंक द्वारा क्यूआर कोड लगाएगा। इसकी शुरुआत कानपुर के जोन दो से हो चुकी है, जहां घरों के बाहर क्यूआर कोड प्लास्टिक शीट में कवर किया गया है, ताकि उपभोक्ता घर बैठे ही अपना बिल जमा कर सकें। हर उपभोक्ता के लिए एक व्यक्तिगत क्यूआर कोड होगा, जो उनके नाम से जुड़ा होगा।