कानपुर में पीआरवी पुलिसकर्मियों पर पिकअप चालक से मारपीट और लूट का आरोप, 12 सस्पेंड
कानपुर: थाना बर्शी क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना में पीआरवी (UP 112) पुलिसकर्मियों पर एक पिकअप चालक के साथ मारपीट और ₹10,000 की नकदी छीनने का गंभीर आरोप लगा है। मामला 12 जुलाई 2025 का है, जब एक मवेशी लदे पिकअप वाहन (UP 81 FT 5696) को पुलिसकर्मियों ने रोकने का प्रयास किया।
चालक लक्ष्मण पुत्र ज्ञाना सिंह निवासी हरसरपुर, थाना लोघा, जनपद अलीगढ़, ने आरोप लगाया कि पीआरवी संख्या 7058 पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उससे मारपीट की और जबरन पैसे छीन लिए।
इस घटना की शिकायत के बाद, पुलिस विभाग ने प्रारंभिक जांच में आरोपों को प्रथम दृष्टया सत्य पाया और इस घटना को विभाग की छवि पर आघात मानते हुए बड़ी कार्रवाई की। पीआरवी से जुड़े तीनों वाहन इकाइयों के कुल 12 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
निलंबन की कार्रवाई के साथ ही विभाग ने मामले की गहन जांच के आदेश दिए हैं, जो यूपी-112 के अपर पुलिस आयुक्त द्वारा की जा रही है।