कानपुर में छात्रा से छेड़छाड़ के आरोपी की मुठभेड़ में गिरफ्तारी, तमंचा व बाइक बरामद
कानपुर के चकेरी इलाके में सरेआम इंटर की छात्रा से हुई छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज 36 घंटे में आरोपी को पकड़ लिया है। आरोपी की पहचान आदित्य गुप्ता के रूप में हुई है, जिसे मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया।
घटना 16 जुलाई की दोपहर की है, जब इंटर की छात्रा किताब लेने निकली थी। तभी बाइक सवार एक युवक ने पहले छात्रा पर भद्दे कमेंट किए और फिर उसके साथ छेड़छाड़ कर मौके से फरार हो गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही आम जनता और मीडिया में आक्रोश फैल गया और पुलिस पर सख्त कार्रवाई का दबाव बनने लगा।
जांच शुरू करते हुए पुलिस ने करीब 35 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपी की पहचान कर ली। आरोपी आदित्य गुप्ता की लोकेशन ट्रेस करने के बाद गुरुवार की रात पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसके पैर में गोली मारी, जिससे वह घायल हो गया।
आरोपी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया और घटनास्थल से उसकी बाइक भी बरामद हुई। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने छात्रा के साथ शारीरिक छेड़छाड़ (बैड टच) की थी। फिलहाल, आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।