कानपुर में महिला पर दहेज व जबरन गर्भपात का अत्याचार, पति और ससुराल वालों पर FIR
कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक विवाहित महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि उसे “लड़के की चाहत” के चलते दो बार जबरन गर्भपात कराया गया। इतना ही नहीं, उस पर अपने ससुर और नंदोई के साथ अवैध संबंध बनाने का दबाव भी डाला गया।
यह मामला बाबूपुरवा थाना क्षेत्र का है, जहां महक खान नाम की महिला ने पति शाह फहेद उर्फ पिंटू, सास बेबी निशा, ननद नर्गिस, सबीना, मंतशा और नंदोई सिरोज अंसारी समेत कुल सात लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, यौन शोषण, लिंग परीक्षण और जबरन गर्भपात कराने जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कराया है।
महक की शादी वर्ष 2021 में शाह फहेद से हुई थी। महिला ने आरोप लगाया कि शादी के बाद ही व्यापार के लिए लाखों रुपये और एक कार की मांग की जाने लगी। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न शुरू हुआ।
दो बार कराया जबरन गर्भपात
महिला के अनुसार, पहली बेटी के जन्म के बाद जब वह दोबारा गर्भवती हुई तो ससुराल पक्ष उसे नौबस्ता स्थित एक अस्पताल ले गया, जहां लिंग परीक्षण कराया गया। गर्भ में लड़की होने की जानकारी मिलते ही उसका जबरन गर्भपात करा दिया गया। यह अमानवीय कृत्य उसके साथ दो बार दोहराया गया।
महिला ने पुलिस से न्याय की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।