Lakhimpur Kheri Case: लड़कियों की मां को आज मिलेगी मुआवजे की पहली राशि,फास्टट्रैक कोर्ट में चलेगा मुकदमा

Lakhimpur Kheri Case: लखीमपुर कांड में सनसनी फैलने के बाद पुलिस-प्रशासन सक्रिय हो उठा है। प्रशासन की ओर से एसडीएम राजेश कुमार ने पीड़ित परिजन को हर संभव मदद दिलाने का लिखित आश्वासन दिया है। इसमें अभियुक्तों को फांसी की सजा दिलाने के लिए फास्टट्रैक कोर्ट में पैरवी का आश्वासन दिया गया है। इसके साथ ही मुआवजे की पहली किस्त आज दी जाएगी।बताया गया है कि लड़कियों की मां को आठ-आठ लाख यानी कुल 16 लाख की प्रथम किस्त शुक्रवार को बैंक खाते में भेजने का वादा भी प्रशासन ने किया है।
आवास योजना के तहत मिलेगा आवास
उन्होंने बताया कि रानी लक्ष्मीबाई योजना के तहत अनुमन्य धनराशि मुकदमे की विवेचना की समाप्ति पर तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास दिलाने की प्रक्रिया ब्लॉक के माध्यम से पूरी कराई जाएगी। नौकरी और अनुमन्य अन्य आर्थिक सहायता दिलाने के लिए आवेदन प्राप्त कर उचित माध्यम से प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।
सपा का आरोप : बेटियों की मां से पुलिस ने की मारपीट
सपा ने बेटियों की मां से पुलिस द्वारा मारपीट का आरोप लगाया है। महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की।सपा नेत्री ने दावा किया कि मां ने बताया कि जब वह पुलिस थाने में गईं तो वहां पर महिला पुलिस ने मारपीट कर प्रताड़ित किया। उन्होंने पीड़ित परिवार को पूरी तरह सुरक्षा देने की मांग की। इसके अलावा बसपा से एमएलसी भीमराव आंबेडकर, कांग्रेस से प्रदेश कोषाध्यक्ष सतीश अजमानी ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात की।

क्या है Lakhimpur Kheri Case
लखीमपुर एसपी मुताबिक, लड़कियों के पड़ोस में एक आरोपी छोटू रहता है। उसने लड़कियों की पहचान आरोपी सोहेल और जुनैद से कराई थी। सोहेल और जुनैद एक अन्य आरोपी के साथ लड़कियों को बहलाफुसला कर बाइक से खेत पर ले गए। लड़कियों का अपहरण नहीं हुआ था। वे अपनी मर्जी से बाइक पर गई थीं। लेकिन खेत पर सोहेल और जुनैद ने अलग अलग लड़कियों के साथ रेप किया। इसके बाद जब लड़कियों ने शादी की बात की। इन लोगों ने शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद सोहेल, जुनैद समेत तीन आरोपियों ने दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद दो अन्य आरोपियों को बुलाया गया और लड़कियों को दूसरी जगह ले जाकर इन्हें खेत से लटका दिया गया है। इन दोनों आरोपियों ने सबूत मिटाने में मदद की है।
Lakhimpur Kheri Case में 6 आरोपी थे शामिल
पुलिस ने बताया कि मामले में कुल 6 आरोपी हैं। आरोपियों में 1 हिंदू और बाकी 5 मुस्लिम हैं। सभी आपस में दोस्त हैं। पुलिस ने अब तक छोटू , जुनैद, सोहेल, हफीजुरहमान, करीमुद्दीन और आरिफ को गिरफ्तार किया है।छोटू लड़कियों का पड़ोसी है। जबकि 5 अन्य आरोपी लालपुर के हैं।
ये भी पढ़ें: PM Modi Birthday- मोदी सरकार की नीतियों से जनता को हुआ फायदा, जानें टॉप 10 स्कीम