Maharashtra Politics: पीएम मोदी के भाषण पर देवेंद्र फडणवीस, शरद पवार में छिड़ी जुबानी जंग
Maharashtra Politics: महाराष्ट्र की राजनीति में सरगर्मी एक बार फिर से बढ़ गई है । एनसीपी चीफ शरद पवार (Sharad Pawar) और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) के लाल किले की प्राचीर से दिए गए भाषण का जिक्र करते हुए शरद पवार ने देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) पर तंज कसा है। वहीं बीजेपी नेता ने भी एनसीपी चीफ पर पलटवार किया है।
शरद पवार ने गुरुवार को कहा कि "महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नक्शेकदम पर चलते हुए PM मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के अपने भाषण में कहा 'मी पुन्हा येइन' (मैं फिर आऊंगा)." एनसीपी चीफ ने आगे कहा कि "मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि ऐसी ही बात महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी कही थी. देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री के रूप में नहीं लौटे, बल्कि एक निचले पद पर वापस आए. कोई सोच सकता है कि वह (मोदी) किस पद पर लौटेंगे."
बीजेपी पर निशाना साधते हुए शरद पवार ने आरोप लगाया कि वह एक ओर स्थिर सरकार देने की बात करती है, लेकिन राज्यों में विधिवत निर्वाचित सरकारों को गिरा देती है.
शरद पवार के बयान पर पलटवार करते हुए महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी अगले साल स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से देश को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि पूरा देश उनके साथ खड़ा है और वह देश के नागरिकों के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं.
फडणवीस ने कहा कि "पिछली बार मैंने कहा था मैं वापस आऊंगा और मैं देख सकता हूं कि उस बयान का डर अभी भी बरकरार है. कुछ लोग अभी भी भयभीत हैं."
देवेंद्र फडणवीस ने एकनाथ शिंदे की बगावत के बाद उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना में विभाजन का जिक्र भी किया। उन्होंने कहा कि "मैं उन्हें एक बात बताना चाहूंगा कि जब मैंने ये कहा कि मैं वापस आऊंगा, तो लोग वास्तव में मुझे वापस ले आए, लेकिन कुछ लोगों ने हमें धोखा दिया. जिन्होंने हमें धोखा दिया, हम उनकी पार्टी को अपने साथ ले आए."