उज्जैन: मोहर्रम जुलूस में हंगामा, बैरिकेड तोड़ने पर पुलिस का लाठीचार्ज
उज्जैन। मोहर्रम के जुलूस के दौरान उज्जैन में रविवार सुबह उस समय तनाव फैल गया जब कुछ लोगों ने जुलूस को प्रतिबंधित रूट की ओर मोड़ने की कोशिश की। बेगमबाग का मशहूर घोड़ा लेकर कुछ लोग जबरन अब्दालपुरा की ओर जाने लगे और पुलिस की ओर से लगाए गए बैरिकेड्स को तोड़ डाला। इस दौरान पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिसके बाद पुलिस को हल्का बल प्रयोग कर लाठीचार्ज करना पड़ा।
घटना के बाद आयोजक इरफान उर्फ लल्ला सहित 15 लोगों पर FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि जुलूस को लेकर पहले से दो बार बैठक की गई थी और तय रूट पर सभी आयोजकों के हस्ताक्षर भी लिए गए थे। इसके बावजूद भीड़ ने रूट बदलने का प्रयास किया।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज व ड्रोन कैमरों की मदद से अन्य उपद्रवियों की पहचान शुरू कर दी है। लाठीचार्ज के दौरान कोई आम नागरिक घायल नहीं हुआ, लेकिन एएसआई तंवर सिंह, प्रधान आरक्षक मुकेश मुनिया, चंद्रपाल, अनिल सिसौदया और आरक्षक श्याम वरण घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
SP प्रदीप शर्मा ने बताया कि इस दौरान 650 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात थे और पूरे क्षेत्र की निगरानी ड्रोन कैमरों व CCTV से की जा रही थी। पुलिस का दावा है कि स्थिति जल्द काबू में कर ली गई और किसी भी आम नागरिक को नुकसान नहीं पहुंचा।