नरेला के एमके स्विमिंग पूल में नौ वर्षीय दो बच्चियों से सामूहिक दुष्कर्म, ठेकेदार व केयर टेकर गिरफ्तार
नई दिल्ली — उत्तर-पश्चिम दिल्ली के नरेला के लामपुर स्थित एमके स्विमिंग पूल में नौ वर्षीय दो बच्चियों से सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना 5 अगस्त को हुई, जब दोनों बच्चियां तैराकी करने के लिए पूल पहुंचीं।
पीड़ित परिवार की शिकायत पर नरेला थाना पुलिस ने स्विमिंग पूल के ठेकेदार अनिल कुमार और केयर टेकर मुनील कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कमरे से तकिये का कवर, चादर, आपत्तिजनक सामान और डीवीआर बरामद किया। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं आरोपियों ने अन्य बच्चियों के साथ भी इस तरह की हरकत तो नहीं की।
पुलिस के अनुसार, घटना के दिन पूल का गेट खुला था और कोई आधिकारिक संचालन नहीं हो रहा था। दोनों बच्चियां पहले भी यहां आ चुकी थीं। इस बार ठेकेदार अनिल ने उन्हें पकड़कर परिसर के कमरे में बंद कर दुष्कर्म किया, जिसके बाद केयर टेकर मुनील ने भी वारदात को अंजाम दिया। दोनों ने बच्चियों को जान से मारने की धमकी देकर किसी को न बताने को कहा। घटना के समय पूल में कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था।
घटना का खुलासा तब हुआ जब एक पीड़ित बच्ची ने सात अगस्त को अपनी चाची को पूरी बात बताई, जिन्होंने यह जानकारी मां तक पहुंचाई। इसके बाद आठ अगस्त को थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने 9 अगस्त को बीएनएस की धारा 70(2) (सामूहिक बलात्कार), 127 (गलत तरीके से बंधक बनाना), 351 (आपराधिक धमकी) और पाक्सो अधिनियम की धारा 6 और 10 के तहत मामला दर्ज कर टीम बनाकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी अनिल कुमार बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला है, जबकि मुनील कुमार उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ का निवासी है। फिलहाल पुलिस अन्य संभावित पीड़ितों की पहचान में जुटी हुई है।