उपराष्ट्रपति पद पर सीपी राधाकृष्णन की दावेदारी, एनडीए सहयोगियों का मिला समर्थन
नई दिल्ली। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी दलों ने महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाए जाने के फैसले का स्वागत किया है।
तेदेपा अध्यक्ष और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि राधाकृष्णन ने लंबे समय तक देश की सेवा की है और उनकी उम्मीदवारी का उनकी पार्टी पूरा समर्थन करती है।
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजग ने हमेशा सामाजिक न्याय और समावेशिता की नीति को प्राथमिकता दी है। राधाकृष्णन की उम्मीदवारी इसका उदाहरण है।
हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि उनकी पार्टी भी उपराष्ट्रपति पद के लिए राधाकृष्णन का पूरा समर्थन करती है।
अन्नाद्रमुक महासचिव ई. पलानीस्वामी ने कहा कि राधाकृष्णन की उम्मीदवारी उनके जनसेवा और समर्पण का पुरस्कार है। वहीं, तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने भी खुशी जताई।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि राधाकृष्णन एक अनुभवी राजनेता हैं जिन्होंने राज्यपाल और सांसद दोनों के रूप में जनता की सेवा को प्राथमिकता दी।