नेपाल में हिंसक प्रदर्शन के बाद कर्फ्यू लागू, संसद और राष्ट्रपति भवन जले

 
नेपाल में हिंसक प्रदर्शन के बाद कर्फ्यू लागू, संसद और राष्ट्रपति भवन जले

नई दिल्ली। नेपाल में बढ़ते हिंसक प्रदर्शनों ने हालात को इतना बिगाड़ दिया कि प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को पद छोड़ना पड़ा। संसद, राष्ट्रपति कार्यालय और प्रधानमंत्री आवास तक को प्रदर्शनकारियों ने आग के हवाले कर दिया। इसके बाद देशभर में हालात काबू से बाहर हो गए, जिसके चलते नेपाल सेना ने कर्फ्यू और सख्त पाबंदियां लागू कर दी हैं।

सेना का सख्त कदम

नेपाल सेना ने बुधवार को घोषणा की कि सुबह से शाम 5 बजे तक देशभर में पाबंदी और रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू लागू रहेगा। सेना ने साफ कहा है कि आगजनी, लूटपाट या तोड़फोड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

काठमांडू एयरपोर्ट बंद

हिंसा और आगजनी के चलते राजधानी काठमांडू समेत कई शहरों में सन्नाटा पसरा है। काठमांडू एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया है। इंडिगो समेत कई एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। सड़कों पर पुलिस और सेना की गश्त बढ़ा दी गई है।

WhatsApp Group Join Now

हथियारों की लूट और गिरफ्तारियां

प्रदर्शनों के दौरान हथियार और गोलियां भी लूट ली गईं। सेना ने चेतावनी दी है कि अगर कोई व्यक्ति ऐसे हथियार अपने पास रखेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। काठमांडू के अलग-अलग इलाकों से अब तक 27 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनके पास से नकदी और हथियार बरामद हुए हैं।

जरूरी सेवाओं को छूट

कर्फ्यू के बीच स्वास्थ्य सेवाएं, एम्बुलेंस, दमकल और सुरक्षा बलों को छूट दी गई है। हालांकि आम लोगों को बिना जरूरत घर से बाहर न निकलने की अपील की गई है।

प्रदर्शनकारियों की मांग भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई और सोशल मीडिया पाबंदी हटाने से जुड़ी थी। हालांकि सोशल मीडिया बैन हटा लिया गया है, लेकिन गुस्सा थमने के बजाय और भड़क गया।

Tags

Share this story