नेपाल हिंसा पर यूपी अलर्ट: DGP राजीव कृष्ण ने सीमा पर बढ़ाई सुरक्षा
लखनऊ। उत्तरप्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण ने बुधवार को कहा कि नेपाल में पिछले तीन दिनों से हालात में सुधार के संकेत मिले हैं, लेकिन यूपी-नेपाल सीमा पर पुलिस पूरी सतर्कता बरत रही है। उन्होंने बताया कि राज्य पुलिस नेपाली एजेंसियों के संपर्क में है, मगर प्राथमिकता भारतीय नागरिकों की मदद करना और किसी भी गड़बड़ी को रोकना है।
सीमा पर बढ़ाई गई सुरक्षा
डीजीपी ने बताया कि मंगलवार से नेपाल से सटे यूपी के सभी सात जिलों में सुरक्षा बढ़ाई गई है। सभी सीमा चौकियों, थानों और रास्तों पर अतिरिक्त पुलिस बल और प्रांतीय सशस्त्र बल (PAC) की दो-दो कंपनियाँ तैनात की गई हैं। अधिकारी हर गतिविधि पर लगातार नजर रख रहे हैं।
हेल्पलाइन नंबर जारी
नेपाल में फंसे भारतीयों की मदद के लिए चार हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। इन नंबरों पर आने वाली शिकायतों को तुरंत सीमा अधिकारियों तक भेजकर सहायता मुहैया कराई जा रही है।
केंद्र और एसएसबी से समन्वय
राजीव कृष्ण ने कहा कि उन्होंने सशस्त्र सीमा बल (SSB) के महानिदेशक से भी बात की है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों को सीमा की सुरक्षा के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। सभी पारंपरिक और गैर-पारंपरिक मार्गों पर निगरानी कड़ी कर दी गई है।
नेपाल में जारी कर्फ्यू
नेपाल में जारी हिंसक प्रदर्शनों के बाद प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली को इस्तीफा देना पड़ा। हालात काबू में रखने के लिए नेपाल सेना ने देशभर में पाबंदियां और कर्फ्यू लागू कर दिया है।