बिहार के लोगों को नीतीश कुमार का तोहफा: 1 अगस्त से 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली, 1.67 करोड़ परिवार होंगे लाभान्वित
पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहारवासियों को एक बड़ी राहत देते हुए ऐलान किया है कि अब राज्य के सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक बिजली मुफ्त मिलेगी। यह फैसला 1 अगस्त 2025 से लागू होगा, जिससे जुलाई महीने के बिल में ही राहत देखने को मिलेगी।
सीएम नीतीश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए लिखा, “हमलोग शुरू से ही सस्ती दरों पर सभी को बिजली उपलब्ध करा रहे हैं। अब 1 अगस्त से राज्य के 1 करोड़ 67 लाख परिवारों को 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जाएगी।”
सौर ऊर्जा की दिशा में भी बड़ा कदम
नीतीश कुमार ने घोषणा की कि अगले तीन वर्षों में सभी घरेलू उपभोक्ताओं से सहमति लेकर उनके घरों की छतों या सार्वजनिक स्थलों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए जाएंगे। अत्यंत निर्धन परिवारों के लिए यह संयंत्र राज्य सरकार अपने खर्च पर लगाएगी। अन्य परिवारों को भी सरकार उचित सहयोग देगी।
नीतीश कुमार ने कहा, “इससे न सिर्फ बिजली का खर्च बचेगा, बल्कि आने वाले तीन वर्षों में राज्य में करीब 10 हजार मेगावाट सौर ऊर्जा उत्पादन का लक्ष्य भी पूरा किया जा सकेगा।”
यह फैसला न केवल आर्थिक रूप से फायदेमंद है, बल्कि पर्यावरण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।