प्रयागराज के युवक ने मदीना में की संत प्रेमानंद जी महाराज के लिए दुआ
मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा-वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद जी महाराज के उत्तम स्वास्थ्य की कामना में देशभर के भक्त लगातार प्रार्थना कर रहे हैं। इसी बीच एक अनोखा दृश्य सामने आया है — सऊदी अरब के मदीना शहर में भी उनके स्वस्थ होने की दुआ मांगी गई है।
प्रयागराज के निवासी सुफियान इलाहाबादी, जो इन दिनों मदीना में हैं, ने संत प्रेमानंद जी महाराज के स्वास्थ्य लाभ के लिए विशेष दुआ (प्रार्थना) की। सुफियान ने इस पल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
सीमाओं के पार पहुंची श्रद्धा
यह घटना दर्शाती है कि प्रेमानंद जी महाराज के प्रति लोगों की आस्था न सिर्फ भारत तक सीमित है, बल्कि विदेशों तक फैल चुकी है।
मदीना जैसे पवित्र स्थल पर उनके लिए की गई प्रार्थना ने लोगों को भावुक कर दिया है।
देशभर से हजारों भक्त संत प्रेमानंद जी महाराज की शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर श्रद्धालु लगातार उनके लिए दुआ और भक्ति संदेश साझा कर रहे हैं।
कौन हैं संत प्रेमानंद जी महाराज
संत प्रेमानंद जी महाराज वृंदावन के प्रमुख संतों में से एक हैं, जो आध्यात्मिक प्रवचनों, गौसेवा और मानवता के संदेशों के लिए प्रसिद्ध हैं।
हाल के दिनों में उनकी स्वास्थ्य स्थिति नाजुक होने की खबरें आई थीं, जिसके बाद देशभर में उनके अनुयायी उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।