राजनाथ सिंह के आध्यात्मिक गुरु हरिदास महाराज का निधन, शोक की लहर
कानपुर — केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आध्यात्मिक गुरु हरिदास महाराज का शनिवार रात निधन हो गया। 84 वर्षीय संत, जिनका मूल नाम संतोष कुमार द्विवेदी था, पिछले कई दशकों से श्यामनगर, कानपुर में हरिहर धाम आश्रम का संचालन कर रहे थे। उनके निधन की खबर फैलते ही शहर में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में श्रद्धालु रात में ही आश्रम पहुंच गए।
शनिवार रात करीब 8 बजे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी, जिसके बाद उन्हें सेवन एयरफोर्स हॉस्पिटल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। पार्थिव शरीर को आश्रम लाया गया, जहां भजन-कीर्तन के साथ शोक संतप्त अनुयायियों ने अंतिम दर्शन किए।
हरदोई के सवायजपुर से ताल्लुक रखने वाले हरिदास महाराज ने करीब 45 वर्ष पूर्व संन्यास लिया था और पिछले 35 वर्षों से कानपुर में आध्यात्मिक सेवा कर रहे थे। उनकी दो बेटियां हैं, दोनों डॉक्टर हैं और उनकी शादी हो चुकी है। उनकी पत्नी मिथलेश द्विवेदी का निधन 22 जून 2021 को हो गया था।
हरिदास महाराज का रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से गहरा संबंध था। वे उन्हें अपना आध्यात्मिक गुरु मानते हैं और हर चुनाव, बड़ी जिम्मेदारी या संकट के समय उनसे आशीर्वाद लेने आते रहे हैं। वर्ष 2014 में गृह मंत्री बनने और 2019 में रक्षा मंत्री बनने के बाद भी उन्होंने आश्रम का दौरा किया था। मई 2021 में जब उनकी गुरुमाता का निधन हुआ था, तब भी राजनाथ सिंह तेरहवीं संस्कार में शामिल होने के लिए कानपुर आए थे।
सूत्रों के अनुसार, राजनाथ सिंह दो दिन बाद कानपुर आकर अपने गुरु को अंतिम श्रद्धांजलि देंगे।