कानपुर ग्रीन पार्क पहुंचे अधिकारयों ने सुरक्षा मानकों को लेकर कही यह बात
कानपुर। ग्रीन पार्क स्टेडियम में होने वाले आगामी क्रिकेट मैचों को लेकर सुरक्षा तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। रविवार को पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने यूपीसीए (उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन) की टीम के साथ स्टेडियम परिसर एवं आसपास की सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
बैठक में दर्शकों के प्रवेश और निकास मार्ग, पार्किंग व्यवस्था तथा स्टेडियम के अंदर निषिद्ध वस्तुओं की रोकथाम जैसे बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। डीसीपी ने स्पष्ट किया कि सभी दर्शकों को एक सहज और सुरक्षित अनुभव प्रदान करने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएंगे।
Kanpur Police & UPCA reviewed Green Park Stadium security today—ensuring smooth entry, parking & spectator safety ahead of the upcoming matches. 🏏✅ #Kanpur #Cricket pic.twitter.com/8kldaeG5TU
— The Vocal News (@thevocalnews) September 16, 2025
प्रतिदिन होगी समीक्षा बैठकें
डीसीपी सत्यजीत गुप्ता ने कहा कि अब आयोजन में लगभग 12–13 दिन शेष हैं, इसलिए सुरक्षा तैयारियों की प्रतिदिन समीक्षा की जाएगी। प्रत्येक विभाग को जिम्मेदारी सौंप दी गई है ताकि किसी भी तरह की चूक न हो।
उन्होंने कहा, “हमारा प्रयास रहेगा कि ग्रीन पार्क स्टेडियम के गौरवशाली इतिहास के अनुरूप दर्शकों को पूर्ण सुरक्षा के साथ मैच का आनंद प्राप्त हो।”
गौरवशाली इतिहास में नया अध्याय
ग्रीन पार्क स्टेडियम जल्द ही भारत ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच होने वाली वनडे सीरीज की मेजबानी करेगा। लंबे समय बाद यहां वनडे सीरीज का आयोजन हो रहा है। ऐसे में दर्शकों की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता किया जा रहा है।